विदेश मंत्रालय ने वर्ष 2025 के लिए प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार के लिए 27 नामों की घोषणा की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के समापन सत्र में इन पुरस्कारों को प्रदान करेंगी। यह पुरस्कार उन प्रवासी भारतीयों को दिया जाता है, जिन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दिया है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन 27 पुरस्कार विजेताओं में 23 देशों से ऐसे लोग शामिल हैं, जिन्होंने अपने कार्यों से प्रवासी भारतीय समुदाय का गौरव बढ़ाया है। इस वर्ष ब्रिटेन की बैरोनेस उषा कुमारी पराशर (राजनीति), अमेरिका की डॉ. शर्मिला फोर्ड (समुदाय सेवा), ऑस्ट्रेलिया के प्रोफेसर अजय राणे (समुदाय सेवा), डॉ. मरियालेना जोन फर्नांडीज (शिक्षा) और रोमानिया के जगन्नाथ शेखर अस्थाना (व्यवसाय) जैसे प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं।
ज्यूरी-कम-अवॉर्ड कमेटी, जिसमें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अध्यक्ष और विदेश मंत्री एस. जयशंकर उपाध्यक्ष के रूप में शामिल थे, ने इन पुरस्कार विजेताओं का चयन किया। समिति में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने नामांकनों की समीक्षा की और सर्वसम्मति से विजेताओं का चयन किया। यह सम्मान भारतीय मूल के व्यक्तियों और प्रवासी भारतीयों द्वारा स्थापित संगठनों को दिया जाता है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यह पुरस्कार प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के समापन सत्र में प्रदान करेंगी।
पुरस्कार के लिए इनके नामों की हुई घोषणा-
नाम और संस्था के नाम -देश -क्षेत्र
1. प्रो. अजय राणे -ऑस्ट्रेलिया -सामुदायिक सेवा
2. डॉ. मरियालेना जोन फर्नांडीज -ऑस्ट्रिया- शिक्षा
3. डॉ. फिलोमेना ऐन मोहिनी हैरिस -बारबाडोस -चिकित्सा विज्ञान
4. स्वामी संयुक्तानंद -फिजी -सामुदायिक सेवा
5. सरस्वती विद्या निकेतन -गुयाना -सामुदायिक सेवा
6. डॉ. लेख राज जुनेजा -जापान -विज्ञान और प्रौद्योगिकी
7. डॉ. प्रेम कुमार -किर्गिज़ गणराज्य -चिकित्सा विज्ञान
8. सौखथवी चौधरी -लाओस -व्यवसाय
9. कृष्ण सावजानी -मलावी -व्यवसाय
10. ‘तन श्री’ डॉ. सुब्रमण्यम के.वी. सतसिवम -मलेशिया -राजनीति
11. डॉ. सरिता बूडहू -मॉरीशस -सामुदायिक सेवा
12. अभय कुमार -मोल्डोवा -व्यवसाय
13. डॉ. राम निवास उर्फ ह्ला तुन -म्यांमार -शिक्षा
14. जगन्नाथ शेखर आस्थाना -रोमानिया -व्यवसाय
15. हिंदुस्तानी समाज -रूस -सामुदायिक सेवा
16. सुधा रानी गुप्ता -रूस -शिक्षा
17. डॉ. सैयद अनवर खुर्शीद -सऊदी अरब -चिकित्सा विज्ञान
18. अतुल अरविंद तेमुर्णीकर -सिंगापुर -शिक्षा
19. रॉबर्ट मसीह नाहर -स्पेन -सामुदायिक सेवा
20. डॉ. कौशिक लक्ष्मीदास रामैया -तंजानिया -चिकित्सा
21. महामहिम क्रिस्टीन कार्ला कांगालू -त्रिनिदाद और टोबैगो -सार्वजनिक मामलों
22. रामकृष्णन शिवस्वामी अय्यर -संयुक्त अरब अमीरात- व्यवसाय
23. बोंथला सुब्बैया सेटी रमेश बाबू -युगांडा -सामुदायिक सेवा
24. बैरोनेस उषा कुमारी प्रशार- यूनाइटेड किंगडम -राजनीति
25. डॉ. शरद लखनपाल संयुक्त राज्य अमेरिका -चिकित्सा
26. डॉ. शर्मिला फोर्ड -संयुक्त राज्य अमेरिका -सामुदायिक सेवा
27. रवि कुमार एस. -संयुक्त राज्य अमेरिका -व्यवसाय (आईटी और परामर्श)






