• खाली पड़े घरों में लुटेरे मचा रहे आतंक; सुरक्षा के लिए नेशनल गार्ड तैनात
• 10 हजार से ज्यादा इमारतें खाक, इसमें अभिनेत्री पेरिस हिल्टन का भी घर
• आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित रखने के लिए बचाव कार्य लगातार जारी
दक्षिण कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में लगी जंगल की आग ने विकराल रूप ले लिया है। तेज हवाओं के कारण आग बेकाबू हो चुकी है और रिहायशी इलाकों तक पहुंच गई है। इस आग में हजारों लोगों के घर जलकर राख हो गए हैं और वाहन भी धू-धू कर जल उठे हैं। अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। तेजी से फैलती इस आग ने घरों और व्यवसायों को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे लोग धुएं से भरे इलाकों को छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं। एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पहाड़ी इलाकों में आग बुझाने के लिए अग्निशमन दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
10 हजार से ज्यादा इमारतें राख
लॉस एंजिल्स, जिसे हॉलीवुड का गढ़ माना जाता है, में हालात बेहद गंभीर हैं। अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 10 हजार से अधिक इमारतें जलकर खाक हो गई हैं। लॉस एंजिल्स के अग्निशमन प्रमुख क्रिस्टिन क्राउले ने बताया कि पैलिसेड्स क्षेत्र में 5,300 से अधिक इमारतें नष्ट हो गई हैं, जबकि ईटन फायर ने 5,000 से ज्यादा इमारतों को तबाह कर दियाहै। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या सर्वे के बाद बढ़ सकती है।
आग से पेरिस हिल्टन का घर भी हुआ खाक
अभिनेत्री और गायिका पेरिस हिल्टन ने अपने घर में बिताए पलों को याद करते हुए उन लोगों के प्रति सहानुभूति जताई, जिनके घर इस आग में जलकर राख हो गए। उन्होंने कहा, “मैं जहां खड़ी हूं, वह कभी मेरा घर था। इसे देखकर मेरा दिल टूट गया है। जब मैंने यह खबर सुनी, तो मैं सदमे में थी। अब यहां आकर इसे अपनी आंखों से देखकर मेरा दिल लाखों टुकड़ों में बिखर गया है।”
लूटपाट के मामले और नेशनल गार्ड की तैनाती
आग के बीच लूटपाट के कई मामले सामने आए हैं। लॉस एंजिल्स काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी नाथन होचमैन ने चेतावनी दी है कि अगर कोई लूटपाट, चोरी या धोखाधड़ी करता है, तो उसे गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी। गवर्नर न्यूसम ने साफ कहा है कि आग से खाली कराए गए क्षेत्रों में लूटपाट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नेशनल गार्ड के सैन्य पुलिस बल तैनात किए गए हैं। ये बल कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए यातायात नियंत्रण बिंदुओं पर काम करेंगे।






