इजरायल ने हमास द्वारा इजरायली बंधकों की सूची जारी न करने के कारण कुछ ही घंटों में होने वाले युद्धविराम से इनकार कर दिया था और गाजा पर फिर से हमले शुरू कर दिए थे।
हालांकि, रविवार को लागू होने वाला युद्धविराम आखिरकार तीन घंटे की देरी के बाद शुरू हो गया। इजरायली हमलों के दबाव में आकर हमास ने तीन महिला बंधकों की सूची इजरायल को सौंपी, जिसके बाद इजरायल ने युद्धविराम लागू करने की घोषणा की। रविवार सुबह इजरायल ने युद्धविराम पर सहमति नहीं दी थी क्योंकि हमास ने रिहा किए जाने वाले बंधकों की सूची नहीं दी थी, जिसके चलते गाजा पर हमले दोबारा शुरू कर दिए गए थे।
आज रिहा होंगी तीन महिला बंधक
हमास की सशस्त्र शाखा ने रविवार को तीन इजरायली महिला बंधकों के नाम जारी किए। इन्हें युद्धविराम समझौते के तहत आज ही रिहा किया जाएगा। एज़ेदीन अल-क़स्साम ब्रिगेड ने अपने बयान में कहा कि “कैदी अदला-बदली समझौते के तहत, आज तीन इजरायली कैदियों को रिहा करने का फैसला किया गया है।”
हमास ने कहा कि इजरायल ने स्पष्ट कर दिया था कि युद्धविराम तब तक लागू नहीं होगा जब तक रिहा किए जाने वाले बंधकों की सूची नहीं मिलती। ऐसे में हमास ने तीन नाम जारी किए हैं। द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, रोमी गोनेन उन तीन बंधकों में शामिल हैं जिन्हें रविवार को रिहा किया जाएगा। रोमी के भाई शाहाफ़ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर पुष्टि की कि उनकी बहन हमास की सूची में शामिल है। 24 वर्षीय रोमी को 7 अक्टूबर 2023 को नोवा फेस्टिवल से बंधक बनाया गया था। अपनी मां को फोन कर उसने बताया था कि हमास के हमले के दौरान उसे गोली मार दी गई थी, और उस दिन उसके तीन दोस्तों की हत्या कर दी गई थी।
इजरायल की प्रतिक्रिया
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आदेश पर युद्धविराम में हुई देरी के कारण संघर्ष विराम सुबह 9:15 बजे शुरू हुआ, जो निर्धारित समय से तीन घंटे देर से लागू हुआ। हालांकि, इजरायली सरकार ने अभी तक हमास की सूची में शामिल नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मीडिया को इन नामों को प्रकाशित करने से मना किया है।





