डोनाल्ड ट्रंप ने $TRUMP कॉइन लॉन्च किया, जिसके कुछ ही मिनटों में मार्केट कैप में 300% का उछाल आया।
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पद संभालने से पहले ही क्रिप्टो करेंसी बाजार में हलचल मचा दी। उन्होंने $TRUMP नामक मेमे कॉइन पेश किया। लॉन्च के तीन घंटे के भीतर इसका मार्केट कैप 800 करोड़ डॉलर यानी लगभग 69,261.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस क्रिप्टो की कीमत कुछ ही मिनटों में 300% से ज्यादा बढ़ गई और फिलहाल यह करीब 350% की वृद्धि के साथ 29.13 डॉलर पर पहुंच चुका है।
20 करोड़ कॉइन फिलहाल उपलब्ध
यह नया क्रिप्टो कॉइन सोलाना नेटवर्क पर आधारित है। इसकी अधिकतम सप्लाई 100 करोड़ होगी, जिसमें से फिलहाल 20 करोड़ कॉइन उपलब्ध हैं। शेष कॉइन अगले तीन सालों में चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे। ट्रंप ने इस टोकन को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, ट्रुथ सोशल और एक्स पर लॉन्च किया और इसे अपना “ऑफिशियल ट्रंप मेमे” बताया। उन्होंने अपने फॉलोअर्स को 48 घंटे के भीतर इसे खरीदने की सलाह दी है, क्योंकि उसके बाद विंडो बंद हो जाएगी।
इस लॉन्च ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है। कुछ इसे क्रिप्टोकरेंसी में साहसिक कदम मान रहे हैं, तो कुछ ने इसकी वैधता पर सवाल खड़े किए हैं। लॉन्च के साथ ही एक डिस्क्लेमर भी जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि यह टोकन किसी निवेश या प्रतिभूति के लिए नहीं है और इसका किसी राजनीतिक अभियान, कार्यालय या सरकारी एजेंसी से संबंध नहीं है। आलोचकों ने ट्रंप पर राष्ट्रपति पद के प्रभाव का फायदा उठाने का आरोप लगाया है। क्रिप्टो वेंचर कैपिटलिस्ट निक टोमैनो ने कहा कि ट्रंप के पास इस टोकन की 80% हिस्सेदारी है और लॉन्च का समय उनके शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले तय करना, शोषण का उदाहरण हो सकता है।
अमेरिका को क्रिप्टो राजधानी बनाने का वादा
दूसरी ओर, क्रिप्टो निवेशकों को उम्मीद है कि ट्रंप का प्रशासन इस उद्योग को बढ़ावा देगा। निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन के नियामकों ने क्रिप्टो कंपनियों पर शिकंजा कसते हुए एक्सचेंजों पर मुकदमे किए थे। हालांकि, ट्रंप ने पिछले साल नैशविले में हुए बिटकॉइन सम्मेलन में कहा था कि अगर वह वाशिंगटन लौटे, तो अमेरिका को दुनिया की क्रिप्टो राजधानी बना देंगे।





