महाकुंभ मेले के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने भंडारे के खाने में राख मिला दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद संबंधित पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। महाकुंभ मेले में करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं, जिस वजह से विभिन्न स्थानों पर समूह और संगठन रसोई संचालित कर भंडारे का आयोजन कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं के लिए आयोजित भंडारे में परोसे जा रहे भोजन में एक पुलिस अधिकारी द्वारा राख मिलाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया। सोशल मीडिया पर इस मामले की शिकायत दर्ज कराई गई थी। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस घटना का वीडियो साझा किया है।
एजेंसी के अनुसार, डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद सोरांव के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) बृजेश कुमार तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि पुलिस अधिकारी ने चूल्हे पर पक रहे भोजन में राख मिला दी। एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डीसीपी गंगा नगर के आधिकारिक अकाउंट को टैग करते हुए वीडियो साझा किया और अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके जवाब में डीसीपी गंगा नगर के आधिकारिक अकाउंट से बताया गया कि मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) ने एसीपी सोरांव की रिपोर्ट के आधार पर सोरांव एसएचओ को निलंबित कर दिया है। इस मामले में विभागीय जांच जारी है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाकुंभ में फंसे लोगों को भोजन और पानी उपलब्ध कराने के प्रयासों को राजनीतिक द्वेष के चलते बाधित किया जा रहा है। जनता को इस मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए। प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान कई समूह, संगठन और लोग श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त या सस्ते भोजन की व्यवस्था के लिए रसोई चला रहे हैं।
महाकुंभ: भंडारे के लिए बन रहे खाने में राख डालने के मामले में एसएचओ निलंबित





