कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने घोषणा की है कि उनकी सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ के जवाब में 155 बिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य के अमेरिकी सामानों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर 25 प्रतिशत टैरिफ लागू कर दिया है, लेकिन अमेरिका की इस कार्रवाई का कनाडा ने महज 24 घंटे के भीतर करारा जवाब दिया है। अब कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अमेरिका पर 25 प्रतिशत का टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। ट्रूडो ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ लगाकर अपनी अर्थव्यवस्था और उद्योगों की रक्षा करेगी।
किन वस्तुओं पर लगेगा टैरिफ?
कनाडाई मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रूडो ने अपने नागरिकों से स्थानीय उत्पादों को खरीदने और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कनाडा द्वारा लगाए गए टैरिफ में अमेरिकी बीयर, वाइन, बोरबॉन, फल और फलों के रस (विशेष रूप से संतरे का जूस), सब्जियां, इत्र, कपड़े, जूते जैसी रोजमर्रा की चीजें शामिल हैं। इसके अलावा, घरेलू उपकरण, फर्नीचर, खेल का सामान, लकड़ी और प्लास्टिक से बनी वस्तुएं भी इस सूची में शामिल होंगी। जस्टिन ट्रूडो के अनुसार, आगामी मंगलवार से 30 बिलियन अमेरिकी डॉलर के उत्पादों पर तत्काल टैरिफ लागू होंगे। इसके बाद, अगले 21 दिनों में 125 बिलियन अमेरिकी डॉलर के अन्य अमेरिकी उत्पादों पर भी टैरिफ बढ़ाया जाएगा, जिससे कनाडाई कंपनियों को नए विकल्प तलाशने में मदद मिलेगी।
‘सिर्फ कनाडा में बने उत्पाद ही खरीदें’
कनाडा के प्रधानमंत्री ने अपने नागरिकों से अपील की कि वे जब भी बाजार जाएं, तो केवल कनाडा में निर्मित उत्पाद ही खरीदें। उन्होंने कहा कि कनाडा अपने हितों की सुरक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि वह दुनिया में सबसे अच्छे पड़ोसियों में बना रहे।
अमेरिका-कनाडा संबंधों पर ट्रूडो का बयान
ट्रूडो ने अमेरिका-कनाडा संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिका के लिए एक नए स्वर्ण युग की शुरुआत करना चाहते हैं, तो इसके लिए कनाडा के साथ साझेदारी करना बेहतर विकल्प होगा, न कि उसे दंडित करना। उन्होंने यह भी कहा कि कनाडा के पास खनिज संसाधन, सस्ती ऊर्जा, मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाएं और अन्य महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधन हैं, जिनकी अमेरिका को जरूरत है। इसलिए, उत्तरी अमेरिका की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दोनों देशों को मिलकर काम करना चाहिए।
ड्रग सप्लाई पर कनाडाई प्रधानमंत्री का जवाब
अमेरिका द्वारा लगाए गए इस आरोप पर कि कनाडा से फेंटानाइल (एक शक्तिशाली नशीली दवा) अमेरिका में तस्करी होती है, ट्रूडो ने कहा कि उनकी सीमा पहले से ही सुरक्षित है, लेकिन इस मुद्दे पर और अधिक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका में पहुंचने वाली फेंटानाइल का केवल एक प्रतिशत से भी कम हिस्सा कनाडा से आता है। इसके बावजूद, कनाडा ने इस समस्या को गंभीरता से लिया है और कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि फेंटानाइल जैसी घातक दवा ने कनाडा और अमेरिका में कई परिवारों को दर्द और पीड़ा दी है। इस समस्या को हल करने के लिए दोनों देशों को मिलकर काम करना चाहिए, क्योंकि यह केवल एक देश की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की समस्या है।




