ट्रेन विशेष रूप से गोवा और प्रयागराज के बीच चलेगी, जिसमें करीब 1,000 यात्री सफर कर सकेंगे, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन भी निशुल्क प्रदान किया जाएगा
गोवा सरकार ने मडगांव से प्रयागराज तक तीन विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है, जो 6 फरवरी से शुरू होंगी। खास बात यह है कि इन ट्रेनों में श्रद्धालु मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।महाकुंभ 2025 के लिए जाने वाले यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए गोवा सरकार ने राज्य से तीन विशेष ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है। इन ट्रेनों के माध्यम से श्रद्धालु बिना किसी शुल्क के प्रयागराज तक यात्रा कर सकेंगे। ये विशेष ट्रेनें 6 फरवरी से शुरू होंगी, जिससे हजारों यात्री लाभान्वित होंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने जानकारी साझा की है।
गोवा से प्रयागराज के लिए विशेष ट्रेनें
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जारी महाकुंभ मेले में देशभर से श्रद्धालु आकर पवित्र स्नान कर रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए सैकड़ों अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। अब गोवा सरकार ने भी अपने राज्य के श्रद्धालुओं को तोहफा देते हुए गोवा से प्रयागराज के लिए निशुल्क विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
मडगांव स्टेशन से इन तारीखों पर ट्रेनें रवाना होंगी
महाकुंभ में शामिल होने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए ये तीनों विशेष ट्रेनें साउथ गोवा के मडगांव स्टेशन से प्रयागराज तक जाएंगी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के अनुसार, पहली विशेष ट्रेन 6 फरवरी (गुरुवार) को सुबह 8 बजे मडगांव से रवाना होगी। वहीं, दूसरी और तीसरी ट्रेनें क्रमशः 13 और 21 फरवरी को मडगांव से प्रयागराज के लिए चलेंगी।
मुफ्त यात्रा के साथ निशुल्क भोजन भी
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि प्रत्येक ट्रेन विशेष रूप से गोवा और प्रयागराज के बीच चलेगी, जिसमें करीब 1,000 यात्री सफर कर सकेंगे। राज्य के समाज कल्याण मंत्री सुभाष फल देसाई ने जानकारी दी कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन भी निशुल्क प्रदान किया जाएगा। ये विशेष ट्रेनें मडगांव से प्रयागराज तक की 34 घंटे की यात्रा पूरी करेंगी।






