उत्तर प्रदेश में अब तक 1.86 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। योजना के तहत पात्र महिलाओं को गैस सिलिंडर की मुफ्त रिफिल का लाभ भी प्रदान किया गया है।
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त सिलिंडर रिफिल का उपहार दिया। इस दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से 10 महिलाओं को मंच पर रिफिल की राशि सौंपी और बाकी महिलाओं के बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने 1 करोड़ 86 लाख महिलाओं के खातों में 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी भेजी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2014 से पहले गरीब महिलाओं को लकड़ी और कोयले पर खाना पकाना पड़ता था, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता था और उन्हें आजीवन इलाज करवाना पड़ता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं का जीवन काफी आसान हुआ है। योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में शासन सैफई परिवार तक सीमित था, जबकि उनकी सरकार पूरे प्रदेश को एक परिवार मानती है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार दंगाइयों और अपराधियों के साथ खड़ी रहती थी, जबकि उनकी सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने वाले को सख्त सजा मिले। उन्होंने चेतावनी दी, “अगर किसी बेटी से छेड़छाड़ की तो अगले चौराहे पर यमराज के दर्शन हो जाएंगे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बेटियों, व्यापारियों, गरीबों और दलितों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। जो भी उत्सवों में व्यवधान डालेगा, उसे जेल भेजने में देर नहीं की जाएगी।
दिवाली पर स्वदेशी अपनाने की अपील
सीएम योगी ने कहा कि दिवाली का पर्व निकट है, ऐसे में लोगों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि दीया स्थानीय कुम्हारों से खरीदें, स्वदेशी मूर्तिकारों की मूर्तियां उपयोग करें और त्योहार पर गरीबों की मदद अवश्य करें। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में हुई थी। इस योजना ने खासकर ग्रामीण रसोइयों को धुएं से मुक्त करने में अहम भूमिका निभाई है और महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डाला है। राज्य सरकार ने उज्ज्वला लाभार्थियों को हर वर्ष दो मुफ्त एलपीजी रिफिल देने का निर्णय लिया है, जिसका वितरण वित्त वर्ष 2025-26 में दो चरणों में किया जाएगा, पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक और दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2026 तक। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 1500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र में सत्ता संभालने के बाद से ही आम लोगों के जीवन को सरल बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसी दिशा में मुख्यमंत्री योगी भी लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कन्या सुमंगला योजना से 26 लाख 24 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिला है और सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब कन्याओं के विवाह संपन्न कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
वित्त मंत्री ने कहा, “मुद्दई हरगिज न कर पाएगा बांका बाल तक, मोदी-योगी गूंजेगा भारत में सौ साल तक।”





