भारतीय रिजर्व बैंक ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। आरबीआई ने गुरुवार को बैंक की व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया। यहां तक कि शीर्ष बैंक ने जमाकर्ताओं को अपने पैसे निकालने से भी रोक दिया है। इस फैसले के बाद शुक्रवार सुबह से ही मुंबई में विभिन्न शाखाओं के बाहर खाताधारकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात को देखते हुए पुलिस की तैनाती करनी पड़ी। रिजर्व बैंक ने मुंबई स्थित न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर कई पाबंदियां लगा दीं। बैंक पर नियमों के उल्लंघन का आरोप है। ये प्रतिबंध गुरुवार को कारोबार समाप्त होने के बाद लागू हो गए और अगले छह महीनों तक प्रभावी रहेंगे। आरबीआई के आदेश के अनुसार, बैंक की मौजूदा नकदी स्थिति को देखते हुए जमाकर्ताओं को बचत खाता, चालू खाता या किसी अन्य खाते से पैसे निकालने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, बैंक कर्मचारियों के वेतन, किराए और बिजली बिल जैसी जरूरी खर्चों के लिए भुगतान किया जा सकेगा।
मुंबई स्थित न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर आरबीआई ने पैसे के लेन-देन पर लगाई रोक खाताधारकों में मचा हड़कंप






