23 फरवरी को पहली बार प्रधानमंत्री मोदी करेंगे बागेश्वर धाम बालाजी के दर्शन, 200 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले कैंसर अस्पताल की नींव रखेंगे
छतरपुर: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले मध्य प्रदेश और पूरे देश को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम के पास 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कैंसर अस्पताल की नींव रखी जाएगी। 23 फरवरी 2025, रविवार का दिन इतिहास में दर्ज होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस भव्य परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने प्रधानमंत्री को विशेष रूप से आमंत्रित किया है ताकि वे इस महत्वपूर्ण परियोजना की आधारशिला रखें। यह पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री मोदी बागेश्वर धाम, छतरपुर आएंगे। कैंसर अस्पताल को लेकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री बेहद उत्साहित हैं और उन्होंने इसकी तैयारियों का खुद जायजा लिया है। उन्होंने आम जनता से भी इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने का आग्रह किया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस निमंत्रण को साझा किया है।
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
23 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी पहले बागेश्वर धाम बालाजी के दर्शन करेंगे और फिर भूमि पूजन करेंगे। इस ऐतिहासिक मौके के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। लगभग 3 लाख वर्ग फीट में टेंट लगाया गया है, 6-7 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, और 20 जगहों पर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। आगंतुकों के लिए चार मुख्य द्वार बनाए गए हैं, जबकि 80,000 से 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था भी की गई है। कार्यक्रम के दौरान 24 घंटे भंडारे की व्यवस्था रहेगी, जिसे बागेश्वर धाम जन सेवा समिति संभालेगी। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हंसते हुए बताया कि आने वाले श्रद्धालुओं को भंडारे में रसगुल्ला भी परोसा जाएगा।
बागेश्वर धाम में बन रहे कैंसर अस्पताल की खास बातें
• 200 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
• प्रारंभ में 100 बेड की सुविधा होगी
• अस्पताल का निर्माण चार चरणों में पूरा होगा
• 25 एकड़ भूमि पर बनेगा अस्पताल
• मेदांता ग्रुप और बागेश्वर धाम जन सेवा समिति मिलकर करेंगे संचालन
• भविष्य में इसे मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा
• बुंदेलखंड के 17 जिलों को मिलेगा बड़ा लाभ
• गरीब मरीजों को मिलेगा राहत
• कैंसर मरीजों को महानगरों में भटकने से मिलेगी मुक्ति
• लाखों रुपये के महंगे इलाज की चिंता से भी छुटकारा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसे ‘गरीबों की सेवा का मंदिर’ बताया
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बागेश्वर धाम में बनने वाले कैंसर अस्पताल को एक सेवा का मंदिर बताया है। उन्होंने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री जब इस अस्पताल की बात करते हैं, तो वे गरीबों की सेवा का संकल्प लेते हैं और इस नेक कार्य में सबको उनका सहयोग करना चाहिए।
भारत में पहली बार किसी मंदिर में बनेगा अस्पताल
भारत के इतिहास में मंदिरों से शिक्षा और औषधियों का कार्य हमेशा होता आया है, लेकिन यह पहली बार होगा जब किसी मंदिर के परिसर में अस्पताल की स्थापना होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अनूठी पहल शुरू होने जा रही है, जो देश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।
-पंडित धीरेंद्र शास्त्री, बागेश्वर धाम






