गुरुवार को राजस्थान भाजपा मुख्यालय में अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक के दौरान दो कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हो गई। इस घटना के बाद पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश महामंत्री को पद से हटा दिया।
राजधानी जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई इस बैठक में अल्पसंख्यक मोर्चा के दो कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत हाथापाई तक आ गई। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद थे। इस घटना के बाद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने कड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश महामंत्री जावेद कुरैशी को उनके पद से हटा दिया।
प्रदेशाध्यक्ष ने लिया बड़ा फैसला
घटना के तुरंत बाद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए जावेद कुरैशी को उनके पद से मुक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान हुई यह हाथापाई पार्टी के संविधान के अनुसार अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है, इसलिए जावेद कुरैशी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।
बैठक शुरू होने से पहले हुआ विवाद
यह घटना उस समय हुई जब अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक शुरू होने वाली थी। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ मंच की ओर बढ़े, मोर्चे के प्रदेश महामंत्री जावेद कुरैशी ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस पर कार्यकर्ता जैकी नाराज हो गए और उन्होंने जावेद कुरैशी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया और बैठक का माहौल गर्मा गया।
घटना के बाद भाजपा के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों को अलग करने की कोशिश की। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता रहा। मामला बिगड़ता देख पार्टी नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा और दोनों को शांत कराया गया।






