पहलगाम हमले के बाद देशभर में आतंरिक सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में अजमेर में शुक्रवार सुबह 5 बजे से बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध घुसपैठिए भागते नजर आए, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने रातीडांग, चौरसियावास और आसपास के इलाकों में सीआईडी (जोन) टीम के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान 300 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पकड़े गए लोगों की पहचान उनके दस्तावेजों, जैसे आधार कार्ड आदि, के आधार पर की जा रही है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन में, सीओ नॉर्थ रूद्र प्रकाश शर्मा, थानाप्रभारी अरविन्द सिंह चारण और महावीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में टीमें गठित कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। यह अभियान रातीडांग, ईदगाह कॉलोनी, चौरसियावास और नौसर घाटी क्षेत्र में चलाया गया, जिससे ईदगाह क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिकांश के पास पश्चिम बंगाल के पहचान पत्र हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और दस्तावेजों की पुष्टि की जा रही है।
राजस्थान: अजमेर में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की धरपकड़, 300 से ज्यादा संदिग्ध घुसपैठिए पकड़े गए






