केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने अपने एक जवान मुनीर अहमद को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। उस पर आरोप है कि उसने एक पाकिस्तानी महिला से शादी की बात अधिकारियों से छुपाई। अधिकारियों का कहना है कि मुनीर अहमद का यह व्यवहार राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा साबित हो सकता है।
सीआरपीएफ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जवान मुनीर अहमद ने जानबूझकर अपनी शादी की सूचना नहीं दी और अपनी पत्नी को भारत में उसके वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी शरण दी। सीआरपीएफ के प्रवक्ता और उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एम. दिनाकरन ने कहा कि जवान की यह हरकत सेवा नियमों का उल्लंघन है और इससे देश की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। मुनीर अहमद की आखिरी तैनाती सीआरपीएफ की 41वीं बटालियन में थी। उसे उन नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया गया, जिनमें विभागीय जांच की आवश्यकता नहीं होती।
शादी का खुलासा कैसे हुआ?
यह मामला उस समय सामने आया जब पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने कुछ कूटनीतिक कदम उठाते हुए पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया। उसी दौरान यह पता चला कि मुनीर अहमद ने 24 मई, 2024 को वीडियो कॉल के जरिए पाकिस्तानी महिला मिनल खान से शादी की थी। जांच में यह बात सामने आई कि जवान ने न तो अपनी शादी की सूचना दी और न ही यह जानकारी साझा की कि उसकी पत्नी भारत में रह रही है।







