प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एंथनी अल्बनीज को एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वह भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने को लेकर उत्साहित हैं। पीएम मोदी ने अल्बनीज को उनकी शानदार जीत और दोबारा प्रधानमंत्री बनने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह भारत-ऑस्ट्रेलिया के व्यापक रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को तत्पर हैं।
लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बने अल्बनीज
एंथनी अल्बनीज ऐसे पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में लगातार दूसरी बार तीन साल के कार्यकाल के लिए जीत दर्ज की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के रूप में दोबारा चुने जाने और शानदार जीत के लिए एंथनी अल्बनीज को हार्दिक बधाई। यह सफलता दिखाती है कि जनता को आज भी आपके नेतृत्व पर पूरा भरोसा है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के हमारे साझा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हूं।”
पीटर डटन से था कड़ा मुकाबला
शनिवार को ऑस्ट्रेलिया में आम चुनाव के लिए मतदान हुआ, जहां मुद्रास्फीति और आवास संकट जैसे मुद्दे छाए रहे। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ था, जबकि डाक मत पहले ही 22 अप्रैल से शुरू हो गए थे। ऑस्ट्रेलिया उन कुछ देशों में शामिल है जहां मतदान करना अनिवार्य होता है। पिछले चुनाव (2022) में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था। प्रधानमंत्री अल्बनीज इस बार फिर सत्ता में वापसी के लिए मैदान में थे और उनका सीधा मुकाबला कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पीटर डटन से था। ऑस्ट्रेलिया की संसद में दो सदन होते हैं, सीनेट (उच्च सदन) और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (निचला सदन)। भारत की तरह ही निचले सदन में बहुमत पाने वाला दल या गठबंधन सरकार बनाता है। इस बार प्रतिनिधि सभा की 150 सीटों के लिए वोट डाले गए।






