बुधवार को दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 2142 अचानक ओलावृष्टि और गंभीर टर्बुलेंस की चपेट में आ गई थी, जिससे विमान को श्रीनगर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। इस घटना में विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अब सामने आई जानकारी के अनुसार, टर्बुलेंस के दौरान पायलट ने पाकिस्तानी एयरस्पेस का उपयोग करने की अनुमति मांगी थी, जिसे लाहौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने अस्वीकार कर दिया।
लाहौर एटीसी ने पायलट के अनुरोध को किया खारिज
जब फ्लाइट अमृतसर के ऊपर उड़ रही थी, तभी मौसम खराब हो गया और टर्बुलेंस शुरू हो गई। पायलट ने तत्काल लाहौर एटीसी से अनुरोध किया कि विमान को कुछ समय के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति दी जाए, ताकि टर्बुलेंस से बचा जा सके। लेकिन पाकिस्तान ने इस अनुरोध को नकार दिया, जिससे फ्लाइट को अपने मूल रास्ते पर ही उड़ान जारी रखनी पड़ी और वह भारी टर्बुलेंस में फंस गई।
विमान की मरम्मत जारी
इंडिगो एयरलाइंस ने बताया कि फ्लाइट को ओलावृष्टि और खराब मौसम के चलते टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। पायलट और क्रू ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित श्रीनगर में उतारा। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी गई। फिलहाल विमान को ‘एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड’ घोषित किया गया है और उसकी जांच और मरम्मत का कार्य जारी है।
यात्रियों ने कहा: मौत से सामना
इस घटना के दौरान फ्लाइट में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई थी। तृणमूल कांग्रेस की सांसद सागरिका घोष ने कहा, “ऐसा लगा जैसे जिंदगी अब खत्म हो जाएगी। लोग डर से चिल्ला रहे थे, प्रार्थना कर रहे थे।” विमान के सुरक्षित उतरने पर यात्रियों ने पायलट की सूझबूझ की सराहना की।
खराब मौसम बना हादसे की वजह
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अनुसार, फ्लाइट को मौसम की वजह से टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस तरह की परिस्थिति में विमान ऊंचाई में उतार-चढ़ाव करता है और यात्रियों को झटके महसूस होते हैं।




