दिल्ली में कोरोना के नए मामले सामने आने के बाद, दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने एक नई एडवाइजरी जारी की है। केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि हरियाणा, गुजरात, केरल और कर्नाटक में भी नए संक्रमण के केस दर्ज किए गए हैं। करीब तीन साल बाद एक बार फिर कोविड-19 वायरस भारत में धीरे-धीरे सक्रिय होता नजर आ रहा है। देश के कई राज्यों में नए मामलों की पुष्टि होने के बाद केंद्र और राज्य सरकारें सतर्क हो गई हैं। लोगों से कोविड-उपयुक्त व्यवहार अपनाने की अपील की जा रही है।
दिल्ली में अलर्ट, अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश
दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को सतर्क रहने का आदेश दिया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी परामर्श में कहा गया है कि अस्पतालों में पर्याप्त बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, एंटीबायोटिक्स, वैक्सीन और जरूरी दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वेंटिलेटर और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जैसे उपकरण पूरी तरह से चालू अवस्था में होने चाहिएं। इसके अलावा, सभी स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने, कोविड जांच और रिपोर्टिंग प्रक्रिया को मजबूत करने तथा पॉजिटिव सैंपल्स की जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लोक नायक अस्पताल भेजने का निर्देश भी दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने जानकारी दी कि फिलहाल दिल्ली में 23 सक्रिय कोविड मामले हैं।
हरियाणा में इस समय 4 सक्रिय मामले हैं, दो गुरुग्राम और दो फरीदाबाद में। सभी मरीजों में हल्के लक्षण हैं और वे होम क्वारंटीन में हैं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया, “यह वैरिएंट हल्का है और नियंत्रण में है। घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सरकार पूरी तरह तैयार है।” सभी सिविल सर्जनों को आवश्यक दवाएं और सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। गुजरात में शुक्रवार को 15 नए मामले सामने आए हैं। केरल में मई महीने में अब तक 182 मामले दर्ज हुए हैं। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि सभी मामलों पर नज़दीकी निगरानी रखी जा रही है। कर्नाटक में फिलहाल 16 सक्रिय केस हैं। वहां के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने बताया कि बेंगलुरु में एक 9 महीने का बच्चा भी संक्रमित पाया गया है।
सरकार की अपील: सतर्क रहें, लेकिन घबराएं नहीं
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा संक्रमण की लहर अभी शुरुआती चरण में है और इसके लक्षण सामान्य रूप से हल्के हैं। बावजूद इसके, सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे मास्क पहनें (खासकर भीड़-भाड़ वाली जगहों पर), हाथों की साफ-सफाई बनाए रखें, भीड़ से बचें और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी लक्षण को नजरअंदाज न करें।





