केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश के वाहन चालकों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2025 से फास्टैग आधारित वार्षिक पास की सुविधा शुरू की जाएगी। इस पास की कीमत केवल 3000 रुपये होगी और यह निजी, गैर-व्यावसायिक वाहनों जैसे कार, जीप, वैन आदि के लिए लागू होगा। यह पास एक वर्ष या 200 यात्राओं (जो पहले हो) तक मान्य रहेगा।
सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी
नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा, “एक ऐतिहासिक कदम के तहत 15 अगस्त 2025 से ₹3000 में फास्टैग आधारित वार्षिक पास की सुविधा शुरू की जा रही है। यह उन लोगों के लिए बेहद लाभकारी होगा जो नियमित रूप से टोल प्लाजा से गुजरते हैं।” इस नई व्यवस्था के तहत वाहन चालकों को बार-बार फास्टैग रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह पास एनएचएआई, सड़क परिवहन मंत्रालय की वेबसाइट और हाइवे यात्रा ऐप के जरिए उपलब्ध होगा, जिसे आसानी से एक्टिवेट या रिन्यू किया जा सकेगा। इससे समय और पैसों दोनों की बचत होगी।
गडकरी ने बताया कि इस योजना से टोल प्लाजा पर लगने वाली भीड़, लंबा वेटिंग टाइम और टोल से जुड़े विवाद कम होंगे। विशेषकर 60 किलोमीटर के दायरे में आने वाले टोल प्लाजा से प्रभावित लोगों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। यह पहल न केवल यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि डिजिटल और पारदर्शी टोल प्रणाली को भी बढ़ावा देगी।






