देहरादून: उत्तराखंड में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। यमुनोत्री हाईवे पर पाली गाड़ के पास देर रात भारी बारिश के कारण भू-धंसाव हो गया, जिससे सुबह से यातायात पूरी तरह ठप है। हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों श्रद्धालुओं के वाहन फंसे हुए हैं। यमुनोत्री धाम की यात्रा पर निकले यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की मशीनें मलबा हटाने में जुटी हैं।
राज्य के अन्य इलाकों में भी हालात खराब हैं। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सिरोहबगड़ के पास बंद पड़ा है, जबकि रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे सोनप्रयाग के पास अवरुद्ध है। बदरीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी के पास भनेरपानी में मलबा आने से रास्ता बंद हो गया है। तीनों स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं और यात्री मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने देहरादून और नैनीताल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, जबकि बागेश्वर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार तीन जुलाई तक राज्यभर में बिजली चमकने और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड: यमुनोत्री हाईवे के पास जमीन धसने से आवाजाही बंद, सैकड़ों श्रद्धालुओं के वाहन फंसे





