कर्नाटक के पूर्व जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बलात्कार के एक गंभीर मामले में अदालत ने दोषी ठहराया है। यह मामला मैसूर के केआर नगर की एक घरेलू सहायिका द्वारा दर्ज कराया गया था। विशेष अदालत ने शुक्रवार को फैसला सुनाया, और अब सजा का ऐलान शनिवार को किया जाएगा। कोर्ट का फैसला सुनने के बाद रेवन्ना भावुक हो गए और कोर्ट रूम से बाहर निकलते समय रो पड़े।
रेवन्ना पर आरोप था कि उन्होंने पीड़िता के साथ दो बार बलात्कार किया और इस घिनौने कृत्य का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। मामला कर्नाटक सीआईडी के साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुआ था। जांच के दौरान पीड़िता ने एक साड़ी साक्ष्य के रूप में पेश की, जिसमें फोरेंसिक जांच के बाद शुक्राणु की पुष्टि हुई। अदालत ने इसे महत्वपूर्ण सबूत माना।
इस केस की जांच बेहद तेज़ी से हुई। महज 14 महीनों में अदालत ने फैसला सुना दिया। इंस्पेक्टर शोभा की अगुवाई में सीआईडी की विशेष जांच टीम ने 123 साक्ष्य एकत्र किए और करीब 2,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। मुकदमा 31 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ था और सात महीनों में ही 23 गवाहों से पूछताछ पूरी की गई। साथ ही, वीडियो क्लिप्स और फॉरेंसिक रिपोर्ट्स सहित सभी प्रमुख सबूतों की विस्तृत समीक्षा की गई।
पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना बलात्कार के मामले में दोषी करार, शनिवार को सुनाई जाएगी सजा




