1 सितंबर यानी आज (सोमवार) से कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं। इन नए नियमों का सीधा असर आपके घर के बजट और रोज़मर्रा के खर्चों पर पड़ेगा। इनमें चांदी की हॉलमार्किंग, एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें, एटीएम निकासी शुल्क और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की ब्याज दरों में संभावित कमी जैसे बदलाव शामिल हैं।
एलपीजी कीमतों में बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां घरेलू एलपीजी सिलेंडर की नई दरें तय करती हैं। 1 सितंबर से भी कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, जो वैश्विक कच्चे तेल की दरों और कंपनियों की गणना पर आधारित होगा।
एटीएम निकासी पर नए नियम
कई बैंकों ने एटीएम निकासी से जुड़े नए नियम लागू किए हैं। तय सीमा से अधिक निकासी करने वाले ग्राहकों को ज्यादा शुल्क चुकाना पड़ सकता है। इसके साथ ही, सितंबर में कुछ बैंक एफडी पर ब्याज दरों की समीक्षा करेंगे। फिलहाल अधिकांश बैंक 6.5% से 7.5% तक ब्याज दे रहे हैं।
चांदी की अनिवार्य हॉलमार्किंग
सरकार ने चांदी की हॉलमार्किंग को अनिवार्य करने का फैसला किया है। इससे ग्राहकों को शुद्धता और मूल्य निर्धारण में पारदर्शिता मिलेगी, हालांकि कीमतों पर इसका असर पड़ सकता है। इस कदम से चांदी के कारोबार में विश्वसनीयता और एकरूपता बढ़ेगी।
एसबीआई कार्ड पर नए शुल्क
एसबीआई कार्डधारकों को नई शर्तों का सामना करना होगा। ऑटो-डेबिट असफल होने पर दो प्रतिशत जुर्माना लगेगा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क, और ईंधन खरीद व ऑनलाइन शॉपिंग पर अधिक चार्ज वसूला जा सकता है।





