पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के वायु क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। दोनों देशों की ओर से समय-समय पर नोटम (नोटिस टू एयरमेन) जारी कर इस पाबंदी को लगातार बढ़ाया जा रहा है। अब यह रोक लगातार छठे महीने भी जारी रहेगी।
भारत-पाकिस्तान के बीच एयरस्पेस विवाद गहराता जा रहा है। इसी क्रम में भारत ने सोमवार को पाकिस्तानी विमानों और एयरलाइंस पर लगे प्रतिबंध को एक और महीने के लिए बढ़ा दिया है। अब यह रोक 24 अक्तूबर सुबह 5:29 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस संबंध में भारत की एविएशन अथॉरिटी ने नया नोटम जारी किया है। इससे पहले पाकिस्तान ने भी दो दिन पहले भारतीय विमानों और एयरलाइंस को अपने वायु क्षेत्र से गुजरने पर रोक लगाई थी। पाकिस्तान का नया नोटम भी 24 अक्तूबर तक लागू रहेगा। इस तरह दोनों देशों के बीच एयरस्पेस पाबंदी अब लगातार छठे महीने में प्रवेश कर चुकी है।
पहलगाम हमले के बाद तनाव बढ़ा
अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद नई दिल्ली और इस्लामाबाद के रिश्तों में खटास और गहरी हो गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 24 अप्रैल को अचानक भारतीय विमानों को अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने से रोक दिया। शुरुआत में यह रोक केवल एक महीने के लिए थी, लेकिन भारत ने 30 अप्रैल को जवाबी कदम उठाते हुए पाकिस्तानी विमानों, जिसमें सैन्य उड़ानें भी शामिल हैं, पर प्रतिबंध लगा दिया। तब से अब तक दोनों देश हर महीने नया नोटम जारी कर इस रोक को जारी रखे हुए हैं।
सिर्फ एक-दूसरे पर पाबंदी
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह प्रतिबंध केवल भारत और पाकिस्तान की उड़ानों पर लागू है। दोनों देशों का हवाई क्षेत्र अब भी अन्य देशों की एयरलाइंस और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए खुला हुआ है। यानी विदेशी विमान भारत या पाकिस्तान के एयरस्पेस का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन भारतीय और पाकिस्तानी एयरलाइंस को एक-दूसरे के हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति नहीं है। इस लंबे समय तक जारी एयरस्पेस पाबंदी से एयरलाइंस की लागत बढ़ रही है और यात्रियों को भी लंबी उड़ानों की वजह से अतिरिक्त मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल, दोनों देशों के ताजा नोटम 24 अक्तूबर सुबह 5:29 बजे तक लागू रहेंगे।





