कार बाजार पर जीएसटी में छूट का असर साफ देखने को मिला है। मारुति सुजुकी और ह्युंडई ने पहले ही दिन रिकॉर्डतोड़ बुकिंग दर्ज की है, जबकि कुछ कारों का स्टॉक खत्म होने की स्थिति बन गई है।
भारतीय कार बाजार में जीएसटी में छूट के बाद कारों की कीमतों में कटौती के तुरंत बाद शोरूम में भारी भीड़ देखी गई। मारुति सुजुकी और ह्युंडई ने पहले ही दिन हजारों बुकिंग, डिलीवरी और पूछताछ दर्ज की।
त्योहारों की रौनक के बीच शोरूमों में भारी भीड़ नजर आ रही है और कंपनियों की सेल्स चार्ट पर शानदार प्रदर्शन हो रहा है। जीएसटी छूट के बाद कीमतों में कटौती ने ग्राहकों में उत्साह भर दिया है, और गाड़ियां लाइन में लगकर बिक रही हैं। मारुति सुजुकी ने 35 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, जबकि ह्युंडई के शोरूम पर नवरात्रि के मौके पर 5 साल बाद इतनी भारी भीड़ देखने को मिली। यह कार बाजार का महाकुंभ है, जहां कंपनियां कटौती का ‘प्रसाद’ बांट रही हैं और ग्राहक इसे खुशी-खुशी ले जा रहे हैं।

मारुति सुज़ुकी ने तोड़ा 35 साल का रिकॉर्ड
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुज़ुकी के लिए यह त्योहार किसी सुनहरे दौर से कम नहीं है। कंपनी के सीनियर एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा, “पिछले 35 साल में ऐसा जबरदस्त रिस्पॉन्स हमने नहीं देखा। पहले ही दिन 80,000 से अधिक पूछताछ हुई और 25,000 से अधिक कारें डिलीवर की गईं। यह आंकड़ा जल्द ही 30,000 तक पहुंच जाएगा।”
18 सितंबर को मारुति ने जीएसटी दरों में कटौती के साथ अतिरिक्त कीमत कटौती की घोषणा की थी। अब तक कंपनी को करीब 75,000 बुकिंग मिल चुकी हैं, यानी रोजाना औसतन 15,000 बुकिंग, जो सामान्य से लगभग 50% अधिक है। छोटे कार सेगमेंट में बुकिंग लगभग दोगुनी हुई है। डीलरशिप्स रात तक खुली रखी जा रही हैं ताकि ग्राहकों को समय पर कार सौंपी जा सके।
छोटी कारों का स्टॉक खत्म होने का खतरा
जीएसटी छूट का सबसे बड़ा असर एंट्री लेवल और छोटी कारों की कीमत पर देखने को मिला। मारुति सुजुकी की सबसे सस्ती कार अब एस-प्रेसो है, जिसकी शुरुआती कीमत केवल 3.50 लाख रुपये है। स्विफ्ट, डिजायर, बलेनो, फ्रोंक्स और वैगनआर की कीमतों में भी भारी कटौती हुई है। भारी मांग के कारण छोटी कारों का स्टॉक खत्म होने की स्थिति बन गई है।
मारुति की कीमतों में 1.29 लाख रुपये तक की कटौती
मारुति सुजुकी ने नए जीएसटी रिफॉर्म का फायदा सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का ऐलान किया। कंपनी की सबसे सस्ती कार एस-प्रेसो अब केवल 3,49,900 रुपये में उपलब्ध है। मारुति सुजुकी ने अपने कारों की कीमत में अधिकतम 1.29 लाख रुपये तक की कटौती की है, जिसमें ब्रेज़ा, ऑल्टो, वैगनआर और स्विफ्ट शामिल हैं।

ह्युंडई ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड
मारुति की तरह ही ह्युंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने भी नवरात्रि के मौके पर धमाकेदार शुरुआत की। कंपनी ने पहले दिन बीते 5 साल का सबसे बड़ा डीलर बिलिंग रिकॉर्ड बनाया। ह्युंडई मोटर इंडिया के डायरेक्टर तरूण गर्ग ने कहा, “नवरात्रि का शुभारंभ जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स की वजह से शानदार रहा। पहले ही दिन लगभग 11,000 डीलर बिलिंग दर्ज हुईं, जो ग्राहकों के भरोसे और मजबूत फेस्टिव सेंटीमेंट का सबूत है।” गर्ग ने कहा कि ह्युंडई सबसे पहले ग्राहकों तक जीएसटी लाभ पहुंचाने वाली कंपनियों में रही है। आने वाले दिनों में भी मांग बनी रहेगी और कंपनी ग्राहकों को वैल्यू फॉर मनी प्रोडक्ट देती रहेगी।
ह्युंडई की कीमतों में 2.40 लाख रुपये तक की कटौती
ह्युंडई ने अपनी कारों की कीमत में अधिकतम 2.4 लाख रुपये तक की कटौती की है। प्रीमियम एसयूवी टक्सन पर सबसे ज्यादा 2,40,303 रुपये की कटौती की गई है। क्रेटा के दाम में 38,311 रुपये की कटौती हुई है और अब इसकी शुरुआती कीमत 10.73 लाख रुपये हो गई है। ग्रैंड आई-10 की कीमत में 51,022 रुपये की कटौती हुई, अब इसकी शुरुआती कीमत 5.47 लाख रुपये है।






