एडीजीपी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या मामले में चंडीगढ़ पुलिस की एसआईटी ने सोमवार को सुनारिया जेल में बंद हवलदार सुशील कुमार से करीब छह घंटे पूछताछ की। इस पूछताछ की अगुवाई डीएसपी गुरजीत कौर ने की। सुबह 11 बजे टीम जेल पहुंची और कोर्ट से पूर्व अनुमति लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की। पहले चरण में चार घंटे और दूसरे चरण में दो घंटे की पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान सुशील ने दावा किया कि उसे इस पूरे मामले में फंसाया जा रहा है। शाम लगभग सात बजे एसआईटी की टीम रोहतक से वापस चंडीगढ़ रवाना हुई।
सुशील को 7 अक्टूबर को रोहतक पुलिस ने शराब ठेकेदार से मंथली मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। शराब ठेकेदार प्रवीण बंसल ने अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत दी थी कि सुशील ने खुद को एडीजीपी पूरण कुमार का करीबी बताते हुए उससे 2.5 लाख रुपये की मंथली की मांग की थी। शिकायत के आधार पर 6 अक्टूबर को केस दर्ज हुआ और अगले दिन सुशील की गिरफ्तारी हुई। कुछ ही घंटों बाद एडीजीपी पूरण कुमार ने आत्महत्या कर ली थी। एसआईटी की टीम लगातार तीसरे दिन भी रोहतक में डटी रही। उसने सरकार से जरूरी दस्तावेजों की मांग करते हुए नोटिस जारी किया और केस से जुड़ी वस्तुओं को फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा। इधर, रोहतक पुलिस ने मंथली प्रकरण की अलग जांच डीएसपी गुलाब सिंह को सौंपी है, जो जल्द जांच शुरू करेंगे।
पोस्टमार्टम पर सातवें दिन भी नहीं बनी सहमति
मामले के सात दिन बीत जाने के बाद भी दिवंगत आईपीएस अधिकारी पूरण कुमार के परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक के पूर्व एसपी नरेंद्र बिजराणिया की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे पोस्टमार्टम की अनुमति नहीं देंगे। इस बीच सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और राजनीतिक प्रतिनिधि लगातार परिवार को मनाने की कोशिश में जुटे हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने दो बार अमनीत कुमार के घर जाकर परिजनों से बातचीत की। वहीं, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और कई अन्य नेताओं ने भी परिवार से मुलाकात की और पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया। परिजनों ने साफ कहा कि पहले मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी होगी, उसके बाद ही आगे की प्रक्रिया होगी।
पीएम मोदी की रैली स्थगित, सियासत तेज
पोस्टमार्टम में देरी और मामले में बढ़ती सियासी गर्मी के बीच 17 अक्टूबर को सोनीपत में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली भी स्थगित कर दी गई है। सोनिया गांधी के भी अमनीत कुमार के घर पहुंचने की चर्चा है। वहीं, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व पूर्व सीएम मनोहर लाल से अमनीत और परिजनों की मुलाकात करीब 40 मिनट तक चली। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मांग की गई कि एसपी को गिरफ्तार किया जाए और डीजीपी के खिलाफ कार्रवाई हो।






