महाराष्ट्र के पालघर जिले में मंगलवार को मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी जाम लग गया, जिसके कारण करीब 500 स्कूली छात्र-छात्राएं लगभग 12 घंटे तक फंसे रहे। बुधवार को अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न स्कूलों की 12 बसें, जिनमें कक्षा 5 से 10 तक के छात्र सवार थे, जाम में रातभर फंसी रहीं। इस दौरान बच्चों को बिना भोजन और पानी के रहना पड़ा।
दरअसल, ठाणे और मुंबई के कई स्कूलों के बच्चे मंगलवार को विरार के पास पिकनिक मनाने गए थे। वापसी के दौरान शाम करीब 5:30 बजे वसई के पास हाईवे पर वाहनों की भारी भीड़ के कारण जाम लग गया। हालात इतने गंभीर हो गए कि कई बसों में सवार बच्चे बुधवार सुबह करीब 6 बजे अपने घरों तक पहुंच पाए। इससे छात्र और उनके परिजन दोनों ही बेहद परेशान रहे। जाम में फंसे बच्चों को जब खाने-पीने में दिक्कत हुई तो कुछ सामाजिक संगठनों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पानी और बिस्किट आदि वितरित किए। स्थानीय लोगों की मदद से कुछ बसों को गलियों के रास्ते निकालने की कोशिश भी की गई। घटना को लेकर बच्चों के परिजनों ने पुलिस और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई और मांग की कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं। पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह तक जाम पूरी तरह से नहीं खुल पाया था।
महाराष्ट्र: मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण जाम में 500 स्कूली छात्र फंसे





