महाराष्ट्र के नवी मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है। वाशी इलाके की एक ऊंची इमारत में मंगलवार तड़के आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दस अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और छह साल की एक बच्ची शामिल हैं। यह हादसा एमजीएम कॉम्प्लेक्स के सेक्टर 14 स्थित रहेजा रेसिडेंसी में हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग रात करीब 12:30 बजे 10वीं मंजिल के एक फ्लैट में लगी और देखते ही देखते 11वीं व 12वीं मंजिल तक फैल गई।
घायलों को वाशी के दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही 40 दमकलकर्मी और 8 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगातार प्रयासों के बाद सुबह 4 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, जांच जारी है।
महाराष्ट्र: बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत; दस घायल






