ओडिशा में चक्रवात का खतरा
27 अक्टूबर से भारी बारिश की संभावना
मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी
ओडिशा और बंगाल में चक्रवात का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण 27 अक्टूबर से ओडिशा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि चक्रवात का सीधा असर राज्य पर नहीं पड़ेगा, लेकिन तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने एहतियात के तौर पर मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए ओडिशा की आपदा प्रबंधन टीमें हाई अलर्ट पर हैं। राज्य के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि सरकार पूरी तरह से सतर्क है। उन्होंने कहा, “ओडिशा प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील राज्य है। बारिश, बाढ़ और चक्रवात यहां आम हैं। हम 28 या 29 अक्टूबर को संभावित चक्रवात के लिए पूरी तैयारी कर चुके हैं।” उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, जल संसाधन, ऊर्जा और कृषि विभागों को सतर्क किया गया है। जिला प्रशासन ने राहत केंद्रों, निकासी मार्गों और आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था कर ली है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकारी निर्देशों का पालन करें।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र 25 अक्टूबर तक डिप्रेशन और 27 अक्टूबर तक साइक्लोनिक तूफान में बदल सकता है। यह प्रणाली आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ सकती है, लेकिन ओडिशा में 27 से 29 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना है। राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बंगाल पर भी पड़ेगा असर:
बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवात ‘मोंथा’ का असर पश्चिम बंगाल में भी देखने को मिलेगा। कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में मंगलवार से भारी बारिश की संभावना है। रविवार से दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर में हल्की बारिश शुरू हो सकती है, जो मंगलवार को तेज हो जाएगी। हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना और झाड़ग्राम में भी 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश के आसार हैं। बुधवार को पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, उत्तर और दक्षिण 24 परगना में भारी वर्षा हो सकती है। गुरुवार को नदिया, मुर्शिदाबाद और पूर्व बर्धमान जिलों के लिए सतर्कता जारी की गई है। उत्तर बंगाल में भी बुधवार से गुरुवार के बीच जलपाईगुड़ी, मालदा, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
मछुआरों के लिए चेतावनी:
भुवनेश्वर मौसम विभाग ने कहा है कि 26 अक्टूबर से समुद्र में जाना खतरनाक रहेगा। इसलिए ओडिशा और तमिलनाडु दोनों राज्यों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। तमिलनाडु के तूतीकोरिन में मछली पकड़ने पर रोक लगाई गई है और समुद्र में मौजूद नौकाओं को तुरंत तट पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं।





