दिल्ली के तिमारपुर स्थित गांधी विहार इलाके में हुए यूपीएससी छात्र रामकेश मीणा हत्याकांड ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस को रामकेश के लैपटॉप से 15 से अधिक लड़कियों के फोटो और वीडियो मिले हैं, जिससे जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई है।
दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि बरामद वीडियो और फोटो से प्रतीत होता है कि रामकेश की कई लड़कियों से नज़दीकी थी, हालांकि इन लड़कियों में से किसी ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। वहीं, उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने कहा कि लैपटॉप की एफएसएल जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही इनकी सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि आवश्यकता हुई तो मुख्य आरोपी अमृता चौहान, उसके पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप और उसके दोस्त संदीप को फिर से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा सकती है। जांच में सामने आया है कि रामकेश के पास अमृता के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो एक हार्ड डिस्क में सुरक्षित थे। अमृता पिछले कुछ महीनों से इन्हें वापस लेने या डिलीट करने की मांग कर रही थी, लेकिन रामकेश टालमटोल करता रहा। इसी बात पर अमृता ने सुमित के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2025 की रात तीनों आरोपी रामकेश के फ्लैट पर पहुंचे, जहां झगड़े के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को जलाने की कोशिश की गई ताकि घटना को आगजनी हादसा दिखाया जा सके। शव को बेड पर लिटाकर उस पर घी, रिफाइंड और शराब डालकर आग लगा दी गई। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अमृता ने करीब दो महीने पहले अपने पूर्व प्रेमी सुमित को पूरी बात बता दी थी, और तभी से दोनों हत्या की योजना बना रहे थे। संदीप का कहना है कि उसे हत्या की योजना की जानकारी नहीं थी। इस बीच, पता चला है कि अमृता चौहान को उसके परिवार ने पहले ही बेदखल कर दिया था। उसके मां-बाप ने अखबार में नोटिस जारी कर उससे सभी रिश्ते तोड़ लिए थे। बताया गया कि अमृता के आचरण से परेशान होकर परिवार ने उससे दूरी बना ली थी।
गौरतलब है कि 6 अक्टूबर की रात गांधी विहार स्थित ई-60 मकान की चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। जब दमकलकर्मी पहुंचे तो उन्हें एक जला हुआ शव मिला, जिसकी पहचान यूपीएससी अभ्यर्थी रामकेश मीणा (32) के रूप में हुई। प्रारंभ में इसे हादसा समझा गया, लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आई, जिसमें एक युवती और दो युवक मौके पर दिखाई दिए। पूछताछ में अमृता ने हत्या की बात कबूल कर ली और पूरी वारदात का खुलासा किया। उसने बताया कि रामकेश उसके अश्लील वीडियो और फोटो डिलीट नहीं कर रहा था, इसलिए उसने अपने पूर्व प्रेमी सुमित और उसके साथी संदीप के साथ मिलकर हत्या कर दी। इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद पुलिस अब रामकेश के लैपटॉप और हार्ड डिस्क की फोरेंसिक जांच पर जोर दे रही है, ताकि यह पता चल सके कि हत्या के पीछे वाकई ब्लैकमेलिंग या निजी प्रतिशोध की क्या भूमिका रही।
यह केस अब दिल्ली पुलिस के लिए एक हाई-प्रोफाइल जांच बन चुका है, जिसमें हर नया सबूत कहानी को नया मोड़ दे रहा है।






