
अंडे प्रोटीन और विटामिन से भरपूर होते हैं, जो संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हैं। रोजाना एक अंडा खाने से मांसपेशियों की मजबूती बढ़ती है और दिल की सेहत में सुधार होता है। इसमें मौजूद कोलीन और एंटीऑक्सीडेंट्स दिमाग और आंखों के लिए भी लाभकारी हैं। आइए जानते हैं कि अगर आप हर दिन एक अंडा खाएंगे तो शरीर पर क्या असर पड़ेगा
अंडा: प्रोटीन का उम्दा स्रोत
अंडे प्रोटीन से भरपूर होने के साथ-साथ विटामिन और मिनरल्स का भी बेहतरीन स्त्रोत हैं। सुबह के नाश्ते से लेकर रात के भोजन तक, यह एक झटपट और हेल्दी विकल्प माना जाता है। अंडे का नियमित सेवन शरीर को अनेक स्वास्थ्य लाभ देता है।
मांसपेशियों के विकास में सहायक
अंडों में सभी आवश्यक अमीनो एसिड मौजूद होते हैं, जो मांसपेशियों के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। पोल्ट्री साइंस में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, रोजाना एक अंडा खाने से लीन मसल्स के निर्माण में मदद मिलती है।
दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
अक्सर यह माना जाता है कि अंडे खाने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है, लेकिन नई शोधों के अनुसार, नियमित रूप से अंडा खाने से हार्ट हेल्थ में सुधार हो सकता है। अंडे में कोलीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो दिल की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाते हैं।
दिमाग और आंखों के लिए लाभकारी
अंडों में मौजूद कोलीन दिमाग की कार्यक्षमता, याददाश्त और मूड को संतुलित रखने में मदद करता है। साल 2023 के एक अध्ययन के अनुसार, कोलीन ब्रेन को सक्रिय करता है और न्यूरोट्रांसमीटर के निर्माण में मददगार होता है। वहीं, अंडे की जर्दी में पाए जाने वाले ल्यूटिन और जेक्सैंथिन एंटीऑक्सीडेंट आंखों को ब्लू लाइट और उम्र संबंधी विजन लॉस से बचाते हैं।
वजन संतुलित रखने में में सहायक
अंडे वजन घटाने और उसे संतुलित रखने में भी मदद करते हैं। साल 2009 की एक स्टडी बताती है कि जो लोग नाश्ते में अंडे खाते हैं, वे दिनभर में कम कैलोरी ग्रहण करते हैं। हालांकि, यह इस बात पर निर्भर करता है कि अंडे को किस तरीके से पकाया गया है।
त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद
अंडे में मौजूद बायोटिन, विटामिन D और अमीनो एसिड बालों, त्वचा और नाखूनों की सेहत के लिए फायदेमंद हैं। 2017 के एक शोध के मुताबिक, बायोटिन बालों को मजबूत बनाता है और प्रोटीन कोलेजन के निर्माण में मदद करता है, जिससे त्वचा मुलायम और हेल्दी दिखती है।
दिन में कितने अंडे खाना ठीक है
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, एक दिन में दो से तीन अंडे तक खाना सुरक्षित है। हालांकि, उच्च कोलेस्ट्रॉल या वजन संबंधी दिक्कत वाले लोग दो-तीन अंडों की सफेदी और सिर्फ एक जर्दी तक सीमित रहें।
नोट: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या निर्णय के लिए हमेशा अपने चिकित्सक से परामर्श करें।






