आज 1 दिसंबर से लागू हुए नए बदलावों को समझना बेहद ज़रूरी है, ताकि आप समय पर अपने बजट और योजनाओं में उचित संशोधन कर सकें और भविष्य में होने वाली किसी भी असुविधा से बच पाएँ। हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी नीतियों, दरों और कई प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। इन बदलावों की जानकारी न होने पर आपको विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आज से लागू हुए कुछ नियम सीधे तौर पर आम उपभोक्ताओं, कर्मचारियों और अन्य लोगों को प्रभावित करेंगे।
आइए जानें 1 दिसंबर से प्रभावी हुए इन प्रमुख बदलावों के बारे में—
एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतें
तेल कंपनियाँ हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में संशोधन करती हैं। 1 दिसंबर से नए दाम लागू हो गए हैं। 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 10 रुपये की कमी की गई है। ये नई कीमतें आज से प्रभावी हैं। वहीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
आधार से जुड़े नए नियम
1 दिसंबर से आधार कार्ड संबंधी एक नया नियम लागू किया गया है। अब नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसी व्यक्तिगत जानकारी को ऑनलाइन अपडेट किया जा सकेगा। इन डाटा का सत्यापन पैन कार्ड, पासपोर्ट या अन्य आधिकारिक दस्तावेजों के आधार पर किया जाएगा। हाल ही में आधार का नया संस्करण भी जारी किया गया था।
ट्रैफिक नियमों में बदलाव
कई राज्यों ने ट्रैफिक नियमों में संशोधन किए हैं। अब ऑनलाइन चालान भरने पर अतिरिक्त प्रोसेसिंग शुल्क देना पड़ सकता है। साथ ही जिन वाहन चालकों के पास पीयूसी प्रमाणपत्र नहीं होगा, उन्हें भारी जुर्माना भरना पड़ेगा।
ईपीएफओ से जुड़े बदलाव
ईपीएफओ ने भी 1 दिसंबर से कई नियमों में बदलाव किए हैं। UAN–KYC लिंकिंग, ई-नॉमिनेशन और मासिक पेंशन अपडेट की प्रक्रिया में संशोधन किया गया है। जिन कर्मचारियों ने नॉमिनेशन अपडेट नहीं कराया है, उन्हें आगे चलकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
एसबीआई एमकैश सेवा बंद
भारतीय स्टेट बैंक ने 1 दिसंबर से अपनी एमकैश सेवा बंद कर दी है। बैंक के अनुसार, एमकैश के माध्यम से पैसे भेजने या क्लेम करने की सुविधा 30 नवंबर 2025 के बाद उपलब्ध नहीं होगी। एसबीआई ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे डिजिटल भुगतान के लिए यूपीआई, आईएमपीएस, एनईएफटी या आरटीजीएस जैसे अन्य विकल्पों का उपयोग करें।






