
पाकिस्तान द्वारा श्रीलंका के लिए भेजी गई चक्रवात राहत सामग्री में एक्सपायर और खराब सामान मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर इन सामानों की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि श्रीलंका ने इस घटना पर आधिकारिक तौर पर आपत्ति दर्ज कराई है।
हाल ही में आए चक्रवात ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई, जिसमें सैकड़ों लोगों की मौत हुई और देश को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे कठिन समय में दुनिया भर के देश श्रीलंका की सहायता के लिए राहत सामग्री भेज रहे हैं। पाकिस्तान ने भी खाने-पीने के सामान और दवाइयों से भरा एक विमान श्रीलंका भेजा था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि राहत सामग्री के कई पैकेट एक्सपायर या खराब हालत में पाए गए। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरें भी इसी ओर इशारा करती हैं।
श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने जताई आपत्ति
राहत विमान के श्रीलंका पहुंचने पर जब सामग्री की जांच की गई, तो पाया गया कि कई डिब्बों में रखा सामान न सिर्फ एक्सपायर था, बल्कि उपयोग के लायक भी नहीं था। इस पर श्रीलंका के विदेश मंत्रालय और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पाकिस्तान को आधिकारिक और अनौपचारिक दोनों माध्यमों से विरोध दर्ज कराया है।
मानवीय सहायता की विश्वसनीयता पर सवाल
हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी छवि मजबूत करने की कोशिश में लगे पाकिस्तान की यह हरकत उसके लिए शर्मिंदगी का कारण बनी है। श्रीलंकाई अधिकारियों ने कहा है कि खराब सामान भेजे जाने से पाकिस्तान की राहत सहायता की गंभीरता और गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं, खासकर तब जब श्रीलंका अब भी संकट से उबरने की कोशिश कर रहा है।
पाकिस्तान का पुराना रिकॉर्ड भी संदिग्ध
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान की आपदा राहत सामग्री विवादों में घिरी हो। 2015 में नेपाल में आए भीषण भूकंप के दौरान पाकिस्तान ने बीफ से बने रेडी-टू-ईट फूड पैकेट भेजे थे। नेपाल एक हिन्दू-बहुल देश है, जहां गाय को पवित्र माना जाता है, ऐसे में बीफ भेजे जाने पर भारी विरोध हुआ था और पाकिस्तान पर सांस्कृतिक असंवेदनशीलता के आरोप लगे थे।






