सपा नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम ने रामपुर जेल में परिजनों से मिलने से इनकार कर दिया। बुधवार को परिवार के सदस्य दोनों से मुलाकात के लिए जेल पहुंचे थे, लेकिन उन्हें वापस लौटना पड़ा। पूरे मामले पर जेल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
दो पैन कार्ड मामले में सात साल की सजा काट रहे आजम खां और अब्दुल्ला आजम से मिलने के लिए उनके परिवार के सदस्य बुधवार को रामपुर जेल पहुंचे। हालांकि, बताया जा रहा है कि दोनों ने ही मुलाकात से इंकार कर दिया, जिसके बाद परिजन लौट गए। जेल प्रशासन ने भी इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं की है। रोजाना कई लोग उनसे मिलने आते हैं, लेकिन मुलाकात संभव नहीं हो पा रही। बुधवार को आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा, बड़े बेटे अदीब आजम और बहन निखहत मुलाकात की अर्जी लेकर पहुंचे थे, लेकिन आजम खां और अब्दुल्ला आजम ने स्वयं ही परिवार से मिलने से मना कर दिया, जिसके बाद परिवार वापस लौट गया।
आजम खां के अन्य केस की सुनवाई टली
फांसीघर की जमीन कब्जाने के मामले में आजम खां के खिलाफ एमपी-एमएलए कोर्ट में बुधवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन किसी कारणवश सुनवाई नहीं हो सकी। अब अगली तारीख 23 दिसंबर तय हुई है। यह मामला गंज थाने में दर्ज है।
अब्दुल्ला आजम के केस में गवाह पेश नहीं हुआ
वोटरों को धमकाने से जुड़े मामले में भी बुधवार को सुनवाई नहीं हो पाई। एमपी-एमएलए कोर्ट में निर्धारित तारीख पर गवाह उपस्थित नहीं हुआ, जिससे कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। अब इस मामले की सुनवाई भी 23 दिसंबर को होगी।






