
राजनीतिक अस्थिरता और सत्ता संघर्ष के दौर से गुजर रहे वेनेजुएला के नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक ने 3 फरवरी तक मुफ्त ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस फैसले को देश में चल रहे गंभीर राजनीतिक संकट से जोड़कर देखा जा रहा है।
दुनिया के प्रसिद्ध उद्योगपति एलन मस्क ने वेनेजुएला के लोगों के समर्थन में एक अहम कदम उठाया है। उनकी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स द्वारा संचालित सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक ने ऐलान किया है कि वह सीमित अवधि के लिए वेनेजुएला में नागरिकों को बिना किसी शुल्क के हाई-स्पीड इंटरनेट प्रदान करेगी। एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्टारलिंक की इस घोषणा को री-पोस्ट करते हुए कहा कि यह सेवा वेनेजुएला की जनता के साथ एकजुटता दिखाने के लिए दी जा रही है। स्टारलिंक ने अपने आधिकारिक संदेश में बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए वेनेजुएला के नागरिकों को अस्थायी रूप से मुफ्त इंटरनेट कनेक्टिविटी दी जा रही है, ताकि देश में संचार व्यवस्था बाधित न हो और लोग एक-दूसरे तथा बाहरी दुनिया से जुड़े रह सकें। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब वेनेजुएला तेज़ी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है। एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक, स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट परियोजना है, जो पृथ्वी की निचली कक्षा (लो अर्थ ऑर्बिट) में स्थापित हजारों छोटे उपग्रहों के नेटवर्क के ज़रिए काम करती है। यह सेवा दुनिया के उन इलाकों में भी हाई-स्पीड और कम लेटेंसी वाला ब्रॉडबैंड इंटरनेट उपलब्ध कराती है, जहां पारंपरिक इंटरनेट सुविधाएं जैसे फाइबर नेटवर्क या मोबाइल टावर पहुंच से बाहर होते हैं। डिश एंटीना के माध्यम से सीधे उपग्रहों से जुड़कर यह सेवा तेज़ स्ट्रीमिंग और ऑनलाइन गतिविधियों को संभव बनाती है।
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद बढ़ा तनाव
स्टारलिंक की यह घोषणा उसी समय सामने आई है, जब वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन को लेकर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। अमेरिका द्वारा की गई कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने शनिवार को वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हमला किया, जिसके बाद मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाया गया। अमेरिकी अधिकारियों द्वारा जारी वीडियो में मादुरो को हथकड़ियों में दिखाया गया, जहां वे रिपोर्टर्स और डीईए एजेंट्स को “हैप्पी न्यू ईयर” और “गुड नाइट” कहते हुए नजर आए।
मादुरो के हटने के बाद देश में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखने के लिए वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने अहम आदेश जारी किया। कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त करने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि निकोलस मादुरो फिलहाल अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निर्वहन करने में अस्थायी और वास्तविक रूप से असमर्थ हैं। सुप्रीम कोर्ट की जज तानिया डी’अमेलियो ने सरकारी टेलीविजन चैनल पर फैसले को पढ़ते हुए बताया कि संविधान के तहत यदि राष्ट्रपति पद रिक्त हो या राष्ट्रपति अपने दायित्व निभाने की स्थिति में न हो, तो उपराष्ट्रपति को देश की जिम्मेदारी संभालनी होती है। कोर्ट के अनुसार, यह कदम प्रशासनिक निरंतरता और राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक था।






