फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में बंगलूरू पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। यह मामला अभिनेता ऋषभ शेट्टी की आगामी फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ से जुड़े एक प्रसंग से संबंधित बताया जा रहा है। शिकायत में रणवीर सिंह पर धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बंगलूरू में रणवीर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर धार्मिक भावनाओं के साथ-साथ तटीय कर्नाटक की दैव्य (भूता कोला) परंपरा का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। यह शिकायत बंगलूरू निवासी वकील प्रशांत मेथल द्वारा दर्ज कराई गई है।
गोवा फिल्म फेस्टिवल से जुड़ा है मामला
यह विवाद गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के दौरान हुई एक घटना से जुड़ा है। बताया गया है कि 28 नवंबर को फेस्टिवल के दौरान रणवीर सिंह मंच पर मौजूद थे, जहां उन्होंने अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ का उल्लेख किया। इसी दौरान उन्होंने कर्नाटक की तटीय क्षेत्र की भूता कोला परंपरा को लेकर कथित तौर पर मजाक किया। मौके पर मौजूद ऋषभ शेट्टी ने उन्हें ऐसा करने से रोका भी था। इस घटना से कई लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात सामने आई।
अदालत के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर
यह मामला बंगलूरू के एडिशनल चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट को सौंपा गया है, जिसकी सुनवाई 8 अप्रैल को निर्धारित है। जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर को एक वकील ने एडिशनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के समक्ष निजी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 23 जनवरी 2026 को अदालत ने हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।





