
जयपुर में 7 फरवरी की रात दो जापानी पर्यटक रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। दोनों अशोक नगर इलाके में रेस्टोरेंट जाने के बाद वापस नहीं लौटे। टैक्सी चालक की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दोनों जापानी नागरिक नई दिल्ली से जयपुर आए थे और 7 फरवरी को एक होटल में ठहरे थे। अशोक नगर थाना प्रभारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि पर्यटकों की आवाजाही की जिम्मेदारी टैक्सी चालक को सौंपी गई थी। उसी चालक ने उनके लापता होने की सूचना पुलिस को दी।
रेस्टोरेंट के बाद नहीं मिला सुराग
एसएचओ के मुताबिक, 7 फरवरी की रात टैक्सी चालक दोनों पर्यटकों को अशोक नगर क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट तक छोड़कर गया था। इसके बाद न तो वे टैक्सी के पास लौटे और न ही होटल पहुंचे। चालक ने 8 फरवरी की सुबह तक उनका इंतजार किया, लेकिन कोई संपर्क न होने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत सोमवार को दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अशोक नगर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।






