समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को छेड़छाड़ और एससी–एसटी एक्ट के तहत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वे पिछले दो दिनों से संपर्क से बाहर बताए जा रहे थे।
लखनऊ: बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी दो दिन पहले दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मनोज यादव को उस समय हिरासत में लिया गया, जब वे कुछ साथियों के साथ सफदरगंज क्षेत्र से गुजर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां नियमों के तहत मेडिकल परीक्षण कराया गया। एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सफदरगंज थाने में छेड़छाड़ और एससी–एसटी एक्ट से संबंधित मामला दर्ज है। साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर ही यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी स्थानीय पुलिस द्वारा की गई। उल्लेखनीय है कि बीते दो दिनों से मनोज यादव के लापता होने की चर्चा थी, जिस पर उनकी पत्नी ने गोमती नगर विस्तार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
इसी बीच सफदरगंज में हुई इस पुलिस कार्रवाई के सामने आने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, जबकि स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं।






