
पिता ने बताया, कोचिंग में साथ पढ़ने वाली छात्रा करती थी ब्लैकमेल
प्रयागराज में 12वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने एक छात्रा सहित पांच लोगों पर धमकी देने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने छात्रा के लॉज के बाहर प्रदर्शन किया।
टैगोर टाउन के फतेहपुर बिछुवा इलाके में शनिवार सुबह 17 वर्षीय आशुतोष प्रताप गिरी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि कोचिंग में साथ पढ़ने वाली एक छात्रा अपने साथियों के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल और धमकाती थी तथा उसी ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। एक कागज पर कथित रूप से लिखा मिला — “जाओ, मर जाओ।” घटना के बाद परिवार ने छात्रा के हॉस्टल और थाने का घेराव कर हंगामा किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी छात्रा समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मृतक के पिता विनोद कुमार गिरी होमगार्ड में पीआरवी डायल-112 के ड्राइवर हैं और परिवार के साथ इलाके में रहते हैं। उन्होंने बताया कि बहन की तबीयत खराब होने के कारण परिवार दूसरे मकान में चला गया था और आशुतोष घर में अकेला था। शनिवार सुबह जब वह बेटे को जगाने पहुंचे तो शटर अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। शटर उठाकर देखने पर आशुतोष फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पिता का आरोप है कि कोचिंग के दौरान आशुतोष की एक युवती से दोस्ती हुई थी, जो गर्ल्स हॉस्टल में रहती है। दोस्ती के बाद उसने ब्लैकमेल कर पैसे मांगने शुरू कर दिए। पैसे न देने पर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने और दोस्तों के साथ मिलकर जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि बेटे ने एक दिन पहले ही उन्हें इसकी जानकारी दी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर चैटिंग खंगाली, जिसमें दोनों के बीच कई संदेश मिले हैं। इन्हें साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखा गया है। बरामद कागज पर लिखावट की जांच भी कराई जा रही है। संबंधित युवती मूल रूप से प्रतापगढ़ की बताई जा रही है और यहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। जानकारी के अनुसार अप्रैल 2025 में कोचिंग के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी और करीब नौ महीने पुराना यह रिश्ता वेलेंटाइन डे के दिन टूट गया। परिजनों का कहना है कि आशुतोष पढ़ाई में तेज था और 2025 में ही उसका कोचिंग में दाखिला कराया गया था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक परिजनों की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।





