भारत समेत 13 देशों को न्योता
बांग्लादेश में मंगलवार को तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। इस समारोह के लिए बांग्लादेश ने भारत सहित 13 देशों के नेताओं को आमंत्रण भेजा है। हालिया आम चुनाव में पार्टी ने भारी बहुमत हासिल किया है। नई सरकार का शपथ ग्रहण 17 फरवरी को आयोजित किया जाएगा, जिसमें बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम का आयोजन अंतरिम प्रशासन की देखरेख में होगा, जिसके मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस हैं।
आमंत्रित देशों की सूची
राजनयिक सूत्रों के अनुसार जिन देशों को न्योता भेजा गया है, उनमें चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। शपथ ग्रहण संसद के साउथ प्लाजा परिसर में होगा।
पीएम मोदी को धन्यवाद
बीएनपी ने जीत के बाद शुभकामनाएं भेजने के लिए नरेंद्र मोदी का आभार जताया। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पार्टी ने कहा कि वह भारत के साथ सहयोगात्मक संबंध मजबूत करने के लिए तैयार है और आपसी सम्मान व क्षेत्रीय स्थिरता के आधार पर रिश्तों को आगे बढ़ाना चाहती है। उल्लेखनीय है कि 12 फरवरी को हुए आम चुनाव शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद पहले चुनाव थे, जिनमें बीएनपी ने बड़ी जीत दर्ज की। वहीं जमात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है।
समारोह में मोदी की मौजूदगी पर संशय
हालांकि शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति की संभावना कम मानी जा रही है, क्योंकि उसी समय इमैनुएल मैक्रों का फ्रांस से भारत दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में संभावना है कि भारत की ओर से कोई अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधि समारोह में शामिल हो।






