
रविवार शाम 6 बजे से नमो भारत और मेरठ मेट्रो का संचालन शुरू होते ही स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रात 10 बजे तक लोगों में सफर को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, खासकर मेरठ क्षेत्र के विकास को रविवार को नई गति मिली, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शताब्दी नगर स्टेशन से देश की पहली रैपिड ट्रांजिट सेवा नमो भारत और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। शाम 6 बजे आम जनता के लिए सेवा शुरू होते ही यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं। सात साल के इंतजार के बाद शुरू हुई इस सेवा का लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। देर रात तक मेट्रो डिब्बे खचाखच भरे रहे। रैपिड ट्रेन ने मोदीनगर से दिल्ली के सराय काले खां तक तेज रफ्तार सफर शुरू कर दिया।
किराया और यात्रा समय
अब मेरठ से दिल्ली की दूरी मात्र 55 मिनट में तय की जा सकेगी, जिसका अधिकतम किराया 210 रुपये निर्धारित है। पहले यह सेवा मेरठ साउथ से न्यू अशोक नगर के बीच 55 किमी कॉरिडोर पर चल रही थी, जिसे अब सराय काले खां तक बढ़ा दिया गया है। मेरठ में यह सेवा मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 22 किमी तक शुरू हो चुकी है।
शहर में मेट्रो कॉरिडोर
मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 13 में से 12 स्टेशनों (मोदीपुरम डिपो छोड़कर) पर मेट्रो सेवा शुरू हो गई है। शहर का कुल मेट्रो कॉरिडोर 23 किमी का है, जिसमें 21 किमी ट्रैक पर ट्रेनें चलेंगी।
यात्रियों और ट्रैफिक पर असर
82 किमी लंबे रैपिड कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या 50–60 हजार से बढ़कर एक लाख प्रतिदिन होने की संभावना है। इससे दिल्ली जाने वाली सड़कों पर रोजाना चलने वाले एक लाख से अधिक वाहनों का दबाव कम होगा।
मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी
परियोजना संचालित करने वाली एनसीआरटीसी ने नमो भारत स्टेशनों को हवाई अड्डों, भारतीय रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों और दिल्ली मेट्रो से जोड़ा है, ताकि यात्रियों को निर्बाध यात्रा सुविधा मिल सके।
महिलाओं की सुरक्षा
नमो भारत में खिड़की वाली सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि मेरठ मेट्रो में एक पूरा कोच महिलाओं के लिए निर्धारित किया गया है। प्लेटफॉर्म पर इसकी सूचना डिस्प्ले बोर्ड से दी जाती है।
परियोजना की मुख्य जानकारी
• कुल लागत: 30,274 करोड़ रुपये
• कुल लंबाई: 82.15 किमी (70 किमी एलिवेटेड, 12 किमी अंडरग्राउंड)
• पहली बार दुनिया में RRTS और मेट्रो एक ही ट्रैक पर संचालित
• मेट्रो किराया: 20–60 रुपये
• नमो भारत अधिकतम किराया: 210 रुपये
नमो भारत के प्रमुख स्टेशन
जंगपुरा, सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदीनगर दक्षिण, मोदीनगर उत्तर, मेरठ साउथ, बेगमपुल, मोदीपुरम, मोदीपुरम डिपो।
मेरठ मेट्रो के स्टेशन
मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल, मोदीपुरम (दोनों सेवाएं उपलब्ध)
अन्य स्टेशन: परतापुर, रिठानी, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैसाली, एमईएस कॉलोनी, डौरली, मेरठ उत्तर।
फ्रीक्वेंसी और सुविधाएं
• नमो भारत हर 10 मिनट
• मेट्रो हर 7–10 मिनट
• हर स्टेशन पर स्ट्रेचर लिफ्ट व फर्स्ट एड
• प्रमुख ट्रॉमा सेंटरों से कनेक्टिविटी
नमो भारत की तकनीकी विशेषताएं
• डिजाइन गति: 180 किमी/घंटा
• परिचालन गति: 160 किमी/घंटा
• हर 5–10 किमी पर स्टेशन
• 6 कोच, 30 ट्रेनें
• एक बार में 1400+ यात्री
• हर साल 2.5 लाख टन CO₂ उत्सर्जन में कमी
मेरठ मेट्रो की विशेषताएं
• डिजाइन गति: 135 किमी/घंटा
• परिचालन गति: 120 किमी/घंटा
• 21 किमी कॉरिडोर
• 12 स्टेशन
• 3 कोच, 10 ट्रेनें
• 700+ यात्री क्षमता
पार्किंग क्षमता (चयनित स्टेशन)
• गाजियाबाद – 370 कार / 532 दोपहिया
• मेरठ साउथ – 289 / 864
• सराय काले खां – 266 / 837
• गुलधर – 191 / 848
• मोदीपुरम – 137 / 1248
नमो भारत स्टेशनों पर वेंडिंग मशीन से कोल्ड ड्रिंक और स्नैक्स खरीदने के लिए QR कोड स्कैन सुविधा भी उपलब्ध है।





