
हर श्रेणी के कर्मियों को फरवरी का वेतन समय से मिलेगा
मुख्यमंत्री ने त्योहार से पूर्व वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
वित्त विभाग ने 28 फरवरी तक भुगतान करने का शासनादेश जारी किया है
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों के लिए अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फरवरी माह का वेतन होली से पहले ही कर्मचारियों के खातों में जमा कर दिया जाए। इस आदेश के दायरे में नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग, संविदा कर्मी और सफाईकर्मी भी शामिल हैं। सरकार के निर्देशानुसार भुगतान प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए शनिवार को कार्यदिवस घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वेतन वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, शासन ने अवकाश संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि इस बार त्योहार का अवकाश 2 मार्च से 4 मार्च तक रहेगा, जबकि कर्मचारियों के लिए आधिकारिक अवकाश 3 मार्च निर्धारित किया गया है। सरकार ने पर्व को देखते हुए इसी महीने कर्मचारियों के वेतन और पेंशनर्स की पेंशन जारी करने का आदेश पहले ही दे दिया है, जिसके अनुसार 28 फरवरी को भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।






