
जामियानगर के ओखला विहार में करीब 100–150 लोग एकत्र होकर अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि ईरान पर कथित संयुक्त हमले में उसके सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने नमाज़-ए-ज़ोहर से पहले कुछ देर नारेबाज़ी की और खामेनेई के समर्थन में आवाज़ उठाते हुए हमलों की निंदा की। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, जबकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
इस घटनाक्रम के बाद भारत के कई राज्यों में सतर्कता बढ़ाई गई है। उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। राजधानी लखनऊ सहित विभिन्न जिलों में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। उधर कश्मीर के कई इलाकों में भी विरोध प्रदर्शन हुए, खासकर शिया बहुल क्षेत्रों में सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने ईरान के समर्थन में बैनर-पोस्टर दिखाए, काले झंडे लहराए और शोक गीत (नौहा) पढ़े। इस बीच उमर अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार हालात पर नजर रखे हुए है और विदेश मंत्रालय के संपर्क में है, ताकि ईरान में मौजूद राज्य के नागरिकों, विशेषकर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






