
प्रधानमंत्री का BEST पुडुचेरी विजन
- B- BUSINESS – बिजनेस
- E- EDUCATION- एजुकेशन
- S- SPRITUALITY- स्पिरिचुअलिटी
- T- TOURISM- टूरिज्म
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुडुचेरी दौरे के दौरान 2700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुडुचेरी आना उनके लिए गर्व का विषय है, क्योंकि यह संतों, कवियों और स्वतंत्रता सेनानियों की पावन भूमि रही है। उन्होंने स्मरण कराया कि महाकवि सुब्रमण्यम भारती ने इसी धरती से राष्ट्रवाद की चेतना जगाई थी।
‘BEST पुडुचेरी’ विजन पर जोर
प्रधानमंत्री ने बताया कि अपने पिछले दौरे में उन्होंने ‘BEST पुडुचेरी’ का मंत्र दिया था, जिसका आशय बिजनेस, एजुकेशन, स्पिरिचुअलिटी और टूरिज्म से है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में यह विजन जमीन पर उतरता दिख रहा है और यहां सुशासन व विकास की रफ्तार तेज हुई है। जब केंद्र और केंद्र शासित प्रदेश एक समान लक्ष्य और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हैं, तो परिणाम अधिक तेज और प्रभावी होते हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए रिकॉर्ड प्रावधान
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में उच्च गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस वर्ष के बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 12 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे पुडुचेरी में सड़क, पेयजल, तटीय संरचना, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं मजबूत होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना के तहत पुडुचेरी को विशेष सहायता दी गई है, जो पहले केवल राज्यों को मिलती थी।
युवाओं और शिक्षा पर फोकस
उन्होंने कहा कि मजबूत युवा शक्ति देश की प्रगति की आधारशिला है और सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए काम कर रही है। एनआईटी कराईकल में नए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक और आधुनिक अस्पताल सुविधाओं से तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पुडुचेरी विश्वविद्यालय में भी आधारभूत ढांचे का विस्तार किया गया है।
ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया अब स्वच्छ और हरित परिवहन व्यवस्था की ओर बढ़ रही है और इलेक्ट्रिक वाहन तेजी से जरूरी बनते जा रहे हैं। पर्यटन केंद्र होने के कारण पुडुचेरी में इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण घटाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत शहर को इलेक्ट्रिक बसें मिल रही हैं। इसके अलावा आवासीय परियोजनाएं परिवारों को स्थायित्व और सम्मानजनक जीवन प्रदान करेंगी।
विपक्ष पर निशाना
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सकारात्मक कार्यों का उत्सव मनाना जरूरी है, साथ ही यह भी याद रखना चाहिए कि पहले हालात कैसे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस-डीएमके शासन के दौरान पुडुचेरी में राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार, अपराध और गरीबों की परेशानियां चरम पर थीं। राशन दुकानों में अनाज की कमी, वेतन में देरी और असामाजिक तत्वों का प्रभाव आम बात थी।





