
विधानसभा चुनाव से पहले असम में भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। असम में कांग्रेस के तीन निलंबित विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। गुवाहाटी स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में कमलाख्या डे पुरकायस्थ, बसंत दास और शशिकांत दास का पार्टी में औपचारिक स्वागत किया गया। भाजपा में शामिल होने के बाद पुरकायस्थ ने अपनी पूर्व पार्टी कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। हाल ही में कांग्रेस की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा भी औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए थे। इसी क्रम में अब कांग्रेस से निलंबित तीन विधायक भी सत्तारूढ़ दल के साथ आ गए हैं। गुवाहाटी स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया की मौजूदगी में इन तीनों विधायकों ने अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस खाली हो जाएगी: पुरकायस्थ
भाजपा में शामिल होने के बाद पूर्व कांग्रेस विधायक कमलाख्या डे पुरकायस्थ ने कहा कि उनका उद्देश्य असम और देश की सुरक्षा तथा विकास में योगदान देना है। उन्होंने कहा, “हम तीनों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला इसलिए लिया है ताकि असम और देश को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा की नीतियों के साथ मिलकर काम कर सकें। आने वाले समय में हम इन नीतियों को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।” उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का कारण तुष्टीकरण की राजनीति को बताया और कहा कि यदि कांग्रेस ने समय रहते अपनी विचारधारा में बदलाव नहीं किया, तो आने वाले दिनों में पार्टी पूरी तरह खाली हो सकती है।
असम के मुख्यमंत्री ने बताया बड़ा दिन
तीनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसे पार्टी के लिए महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि तीन कांग्रेस विधायकों का भाजपा में शामिल होना पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है। सरमा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास और सम्मान को भी दर्शाता है। विधानसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि सहयोगी दलों के साथ बातचीत लगभग पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि असम गण परिषद, बोडोलैंड पीपुल्स फोरम और राभा हासोंग जौथा संग्राम समिति के साथ सीट शेयरिंग पर चर्चा समाप्त हो गई है। हालांकि अंतिम घोषणा से पहले केंद्रीय संसदीय समिति की मंजूरी जरूरी है, इसलिए आधिकारिक ऐलान में दो से चार दिन का समय लग सकता है।
केंद्रीय मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा का बयान
केंद्रीय मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा ने भी इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विभिन्न दलों, विशेषकर कांग्रेस से जुड़े कई नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा के नेतृत्व और विचारधारा पर विश्वास जता रहे हैं। मार्गेरिटा के अनुसार, सिर्फ राजधानी गुवाहाटी ही नहीं बल्कि असम के विभिन्न हिस्सों से भी अलग-अलग स्तर के नेता और कार्यकर्ता भाजपा की सदस्यता ले रहे हैं।






