
राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहने पर हुआ बवाल
खामेनेई की तस्वीरें लेकर विधानसभा पहुंचे कुछ विधायक
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को कार्यवाही शुरू होते ही जोरदार हंगामा देखने को मिला। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी और कांग्रेस के विधायकों ने सदन में विरोध जताया। इस दौरान कुछ विधायक अली खामेनेई की तस्वीरें लेकर पहुंचे और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारे लगाए गए। वहीं, बीजेपी विधायकों ने इसके जवाब में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। दोनों पक्षों के बीच माहौल इतना गरमाया कि धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। सदन में ‘अमेरिका हाय-हाय’ के नारे भी गूंजे।
दरअसल, हंगामे की शुरुआत इजरायल के खिलाफ नारेबाजी से हुई थी। कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी और कुछ निर्दलीय विधायकों ने पोस्टर लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक इरफान हाफिज लोन और बीजेपी विधायक युदवीर सेठी के बीच हाथापाई हो गई। बताया गया कि सेठी द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ा और दोनों आमने-सामने आ गए। स्थिति बिगड़ने पर सदन की कार्यवाही को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा और व्यवस्था संभालने के लिए मार्शल बुलाने पड़े। बाद में सदन को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
इस बीच कांग्रेस विधायक तनवीर सादिक ने कहा कि उनकी पार्टी और जम्मू-कश्मीर सरकार अली खामेनेई से जुड़े घटनाक्रम को लेकर ईरान के साथ एकजुटता में खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश को दूसरे देश पर हमला करने का अधिकार नहीं है और भारत के शीर्ष नेतृत्व से इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की। सादिक ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस और जम्मू-कश्मीर सरकार पूरी तरह ईरान के साथ खड़ी है तथा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा की गई निंदा का समर्थन करती है।






