
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि ईरान की ओर से कम से कम 20 बैलिस्टिक मिसाइलें और 37 ड्रोन यूएई को निशाना बनाकर दागे गए। हालांकि, मंत्रालय के अनुसार सभी हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया।
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव कम होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जहां एक ओर यह दावा कर रहे हैं कि आगामी 10 दिनों, यानी 6 अप्रैल तक कोई हमला नहीं किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर ईरान को लेकर कड़े बयान भी दे रहे हैं। इसी बीच शनिवार को ईरानी सेना द्वारा यूएई पर मिसाइल और ड्रोन हमले की खबर सामने आई है, जिसकी पुष्टि यूएई के रक्षा मंत्रालय ने की है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी हमलों को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
शनिवार को हुए इन हमलों के बाद, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से खाड़ी क्षेत्र में दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों की कुल संख्या बढ़कर 398 हो गई है। इसके अलावा 15 क्रूज मिसाइलें और 1,872 ड्रोन हमलों का भी रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। इन हमलों में सशस्त्र बलों के दो जवानों के अलावा एक मोरक्को नागरिक, जो सेना के अनुबंध पर कार्यरत था, तथा पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, फिलिस्तीन और भारत के नागरिकों सहित कुल आठ लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कम से कम 178 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
उधर, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया है कि उसने देश के दक्षिणी प्रांत फार्स में 120 क्लस्टर बमों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय कर दिया है। अर्धसरकारी समाचार एजेंसी मेहर के अनुसार, आईआरजीसी के जनसंपर्क उप प्रमुख ने बताया कि ये गोला-बारूद कुछ दिन पहले काफ्री गांव और आसपास के इलाकों में अमेरिका-इजरायल के हमलों के दौरान गिराए गए थे।






