दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी को लेटर लिखकर जानकारी दी है कि ईडी दफ्तर नहीं आएंगे। आम आदमी पार्टी ने बयान जारी किया है कि दिल्ली के सीएम ईडी की जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं लेकिन एजेंसी का नोटिस अवैध है। उनका इरादा अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना है। वे उन्हें चुनाव प्रचार से रोकना चाहते हैं। वहीं, बीजेपी ने केजरीवाल की चिट्ठी पर कहा है कि वे कुछ न कुछ जरूर छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। बीजेपी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने ईडी का सामना करने से इंकार कर दिया है। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि वे कुछ न कुछ छिपाने की कोशिशें कर रहे हैं। वे अपराधियों की तरह फरार चल रहे हैं। कोर्ट ने इस मामले में माना है कि पैसों का अवैध लेन-देन हुआ है और इसी वजह से मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को जमानत नहीं मिली। पूनावाला ने कहा कि विक्टिम कार्ड खेलने से कुछ नहीं होने वाला है यह वही अरविंद केजरीवाल है जो अन्ना हजारे की अंगुली पकड़कर कहते थे कि पहले इस्तीफा, फिर जांच। अब खुद क्या कर रहे हैं, जनता देख रही है। कांग्रेस ने खुद कहा है कि शराब घोटाला हुआ है और हमने शिकायत दर्ज करवाई है।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आज ईडी के समन में शामिल नहीं होने पर कांग्रेस नेता उदित राज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- ईडी झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के सहयोगियों के यहां छापेमारी कर रही है। चुनाव से ठीक पहले छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल को ईडी के नोटिस भेजे गए थे और झूठे आरोप लगाए गए थे। वहीं अरविंद केजरीवाल भी विपक्षी गठबंधन का हिस्सा हैं।





