दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आज प्रवर्तन निदेशालय गिरफ्तारी कर सकती है। आम आदमी पार्टी ने यह दावा खुद किया है। सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका पर कार्यकर्ता आप दफ्तर पहुंचने लगे हैं। उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) दिल्ली के सीएम केजरीवाल को तीन समन जारी कर चुकी है, लेकिन अब तक केजरीवाल ईडी के सामने पेश नहीं हुए हैं। मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि सुनने में आ रहा है कल सुबह मुख्यमंत्री केजरीवाल जी के घर ED पहुंच कर उन्हें गिरफ़्तार करने वाली है। AAP नेता जैस्मिन शाह ने भी गिरफ्तारी और छापेमारी की आशंका जतायी है। आप नेता संदीप पांडेय ने भी ईडी की तरफ से कार्रवाई किए जाने की बात कही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को जांच एजेंसी को लिखा कि वह राज्यसभा चुनाव और गणतंत्र दिवस की तैयारियों में व्यस्त हैं, लेकिन एजेंसी की किसी भी प्रश्नावली का जवाब देने के लिए तैयार हैं। आप प्रमुख ने एजेंसी से अपने पहले के पत्रों का जवाब देने के लिए कहा जिसमें उन्होंने कथित पूछताछ/जांच के लिए बुलाए जाने से जुड़े वास्तविक इरादे और इस पूछताछ की प्रकृति और दायरे को लेकर स्पष्टीकरण मांगा था।
भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ‘डर से कांप’ रहे हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश नहीं हो रहे हैं। और ईडी के समन को नजरअंदाज करने के लिए एक के बाद एक बहाने बना रहे हैं।






