कोटा में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर अनंतपुरा क्षेत्र में निकले जुलूस के दौरान तिरंगे के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। तिरंगे के साथ की गई छेड़छाड़ का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदुत्ववादी संगठनों ने अनंतपुरा थाने पर विरोध प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हिंदुत्ववादी संगठन के पदाधिकारी ने अनंतपुरा थाने पर धरना देकर राष्ट्रध्वज का अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विरोध के दौरान कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा थाने पहुंचे और घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए अधिकारियों को तुरंत जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं, इस मामले में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भी नाराजगी जताते हुए राजस्थान के डीजी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अनंतपुरा थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और तिरंगे के साथ छेड़छाड़ करने वाले लोगों की पहचान वीडियो के माध्यम से की जा रही है।
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बारह वफात के जुलूस के दौरान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान और उसमें चक्र की जगह चांद-तारा लगाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को देश के खिलाफ साजिश का संकेत बताया और कहा कि तिरंगे का अपमान करने वालों के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। दिलावर ने कोटा रेंज के आईजी रवि दत्त गौड़ से बात कर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया और प्रदेश के डीजी उत्कल रंजन साहू से भी फोन पर बात कर मामले में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कोटा में धार्मिक जुलूस में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान, दो आरोपी गिरफ्तार






