उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सोमवार देर रात अचानक पटाखों में आग लग गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाकों की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए, और दीवारों में दरारें पड़ गईं। इस घटना में खबर लिखे जाने तक एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में फंसे अन्य घायलों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
यह घटना शिकोहाबाद कोतवाली क्षेत्र के नौशहरा इलाके की है। रात लगभग 10:30 बजे नौशहरा में एक घर के अंदर रखे पटाखों में अचानक आग लगी, जिससे तेज धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज से आसपास के कई मकानों की दीवारें गिर गईं और कुछ मकानों में दरारें आ गईं। पास के एक घर में लकड़ी के बेड बनाने वाले परिवार की मीरा देवी (52), संजना, दीपक और राकेश घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां मीरा देवी की मृत्यु हो गई। पंकज (24) और चार अन्य लोगों की भी मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई है और घायलों की तलाश जारी है। सूचना मिलने पर सीओ प्रवीण कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें भी फिलहाल यही जानकारी मिली है।
उ. प्र. में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, महिला समेत पांच लोगों की मौत






