लेबनान में पेजर में हुए धमाकों के बाद वॉकी-टॉकी में भी विस्फोट हुए हैं। लेबनान के कई क्षेत्रों से विस्फोट की खबरें आई हैं। वॉकी-टॉकी में हुए इन धमाकों में 9 लोगों की मौत हो गई है और 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मंगलवार को पेजर में हुए धमाकों के बाद बुधवार को वॉकी-टॉकी में विस्फोट हुए हैं। एसोसिएटेड प्रेस के पत्रकारों के अनुसार, हिजबुल्ला के तीन सदस्यों और एक बच्चे के अंतिम संस्कार के दौरान कई विस्फोट हुए। ये अंतिम संस्कार उन लोगों का किया जा रहा था, जिनकी मौत एक दिन पहले पेजर के धमाकों में हुई थी। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, वॉकी-टॉकी में हुए विस्फोटों में 9 लोगों की जान चली गई और 300 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। दक्षिणी तटीय शहर सिडोन में एक फोटोग्राफर ने एक कार और मोबाइल फोन की दुकान को धमाकों से क्षतिग्रस्त होते देखा। लेबनान की आधिकारिक समाचार एजेंसी के मुताबिक, बेरूत और दक्षिणी लेबनान के कई क्षेत्रों में सौर ऊर्जा प्रणालियों में विस्फोट की घटनाएँ हुई हैं।
हिजबुल्ला के अल मनार टीवी ने भी लेबनान के कई इलाकों में विस्फोट की सूचना दी है, जिससे फिर से दहशत का माहौल बन गया है। हिजबुल्ला के एक अधिकारी ने, नाम न जाहिर करने की शर्त पर, एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि जिन वॉकी-टॉकी का उपयोग समूह करता है, उनमें धमाके हुए हैं। लेबनान के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि हिजबुल्ला ने इन्हीं वॉकी-टॉकी को पेजर के साथ खरीदा था।
आपको बता दें कि मंगलवार को लेबनान की राजधानी बेरूत समेत सीरिया के कई हिस्सों में पेजर में धमाके हुए थे। उन धमाकों में एक आठ साल की बच्ची समेत कम से कम 9 लोगों की मौत हुई थी और करीब 3,000 लोग घायल हो गए थे। एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि इजराइल ने ऑपरेशन खत्म होने के बाद अमेरिका को इस बारे में जानकारी दी थी। हिजबुल्ला ने इन धमाकों का आरोप इजराइल पर लगाया है और बदला लेने की धमकी दी है। पिछले साल 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के आतंकियों ने हमला किया था, जिसके बाद से हिजबुल्ला और इजराइली सेना के बीच रोजाना गोलीबारी हो रही है। इस संघर्ष में अब तक लेबनान में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और इजराइल में भी दर्जनों लोगों की मौत हुई है। सीमा के दोनों ओर से हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। इजराइली नेताओं ने हाल के हफ्तों में चेतावनी दी है कि लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ अभियान तेज हो सकता है।
लेबनान में पेजर के बाद अब वॉकी-टॉकी से धमाके, 9 मरे 300 से अधिक घायल





