भारत की ओर से लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई के कारण पाकिस्तान में बेचैनी का माहौल है। हालिया घटनाक्रम के तहत पाकिस्तान ने अस्थायी रूप से कराची और लाहौर के कुछ हिस्सों के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान घबरा गया है। इसी के चलते गुरुवार को पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पूरे मई महीने के दौरान हर दिन कराची और लाहौर के कुछ हवाई क्षेत्रों को सुबह 4:00 बजे से 8:00 बजे तक बंद रखने की घोषणा की है।
हवाई क्षेत्र सुबह 4 से 8 बजे तक रहेगा बंद
पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। जवाबी कार्रवाई की आशंका को देखते हुए पाकिस्तान के विमानन विभाग ने यह निर्णय लिया है। एक स्थानीय अखबार ने आधिकारिक नोटिस का हवाला देते हुए बताया कि 1 मई से 31 मई तक रोजाना स्थानीय समय के अनुसार सुबह 4 से 8 बजे तक हवाई क्षेत्र बंद रहेगा।
सीएए ने कहा- उड़ानों पर असर नहीं पड़ेगा
पाकिस्तानी नागरिक विमानन प्राधिकरण (CAA) का कहना है कि इस अस्थायी बंदी से वाणिज्यिक उड़ानों पर खास असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि विमानों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।





